
हनुमानगढ़, 27 जुलाई। राज्य सरकार के मुख्यमंत्री पौधरोपण महाअभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरूसर में आज हरियाली तीज के शुभ अवसर पर चक 9 एसएसडब्ल्यू स्थित सार्वजनिक पार्क में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत गुरूसर के सरपंच एवं प्रशासक श्री रामेश्वरलाल कडेला ने की। इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी श्रीमती विमला स्वामी, कनिष्ठ सहायक श्री नवीन कुमार, राजस्व पटवारी श्रीमती सुनीता, पटवारी श्री गोपाल, कम्प्यूटर ऑपरेटर श्री पवन कांटीवाल, प्रशासक समिति सदस्य श्रीमती अमनदीप कौर, श्रीमती सावित्री देवी, श्री गुरलाल तथा ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सावन के इस पावन पर्व पर मनरेगा महिला श्रमिकों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समिति सदस्य श्रीमती सावित्री देवी ने “एक पेड़ मां के नाम” महाअभियान के तहत पौधा लगाकर की। इसके बाद मुख्य सड़क से जोहड़ की ओर कुल 160 पौधे टी-गार्ड सहित लगाए गए। इस महाअभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय वन उत्सव कोहला फॉर्म में भी उल्लेखनीय आयोजन हुआ, जहां संभागीय सचिव श्री नीरज के पवन, जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल सिंह यादव एवं रेंजर अधिकारियों की उपस्थिति में गुरूसर पंचायत द्वारा मियांवाकी पद्धति से किए गए नवाचारपूर्ण पौधारोपण की सराहना की गई। इस विशेष प्रयास के लिए सरपंच रामेश्वरलाल कडेला को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
