
हनुमानगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग देने वाले भामाशाहों का योगदान सदैव सराहनीय रहा है। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) नम्बर 1 में शनिवार को आयोजित एक सम्मान समारोह में विद्यालय विकास में योगदान देने वाले भामाशाहों का अभिनंदन किया गया।
समारोह में भामाशाह इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन एवं कॉटन जिनिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष रविन्द्र गुप्ता तथा श्रीअरोड़वंश सभा के पूर्व अध्यक्ष अतुल धीगड़ा को विद्यालय प्रबंधक समिति द्वारा सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यालय प्रिंसिपल राजकुमार धीगड़ा, स्टाफ सदस्य, विद्यार्थीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रिंसिपल राजकुमार धीगड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में बढ़ती गर्मी एवं उमस को देखते हुए भामाशाह इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन ने प्रेरणास्पद पहल करते हुए एक इन्वर्टर व दो बैटरी सेट विद्यालय को भेंट किए हैं। इस पहल से कक्षाओं में बच्चों को गर्मी से राहत मिलेगी तथा पढ़ाई का माहौल और अधिक अनुकूल बन सकेगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा रविन्द्र गुप्ता एवं अतुल धीगड़ा को स्मृति चिन्ह व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने भामाशाहों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि समाज में ऐसे लोग दूसरों के लिए प्रेरणा बनते हैं।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया तथा विद्यालय के शिक्षकों ने भी अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि भामाशाहों की इस भावना से अन्य समाजसेवियों को भी प्रेरणा मिलेगी तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में समुदाय का सहयोग और बढ़ेगा।
