
हनुमानगढ़। हरियाली तीज के पावन अवसर पर शनिवार को पुलकित कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई, जिससे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सकारात्मकता का संचार हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ भाग लिया गया। रंगोली, पोस्टर और मेहंदी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने रचनात्मकता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने भारतीय लोककला, पर्यावरण और संस्कृति पर आधारित विषयों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया। महाविद्यालय परिसर में पारंपरिक झूले सजाए गए जहाँ छात्राओं ने लोकगीतों की मधुर धुन पर झूला झूलते हुए हरियाली तीज का स्वागत किया। इसके साथ ही छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में रंगारंग लोकनृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन कुमकुम और अंकुश ने प्रभावशाली रूप से किया, जिनकी प्रस्तुति को उपस्थितजनों ने खूब सराहा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्राचार्य डॉ. चंद्रा गुरनानी ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। डॉ. गुरनानी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें अपनी संस्कृति व परंपराओं से भी जोड़ते हैं। कार्यक्रम में कॉलेज के समस्त संकाय सदस्य उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
‘हरियाली राजस्थान उत्सव’ के तहत महाविद्यालय स्टाफ व विद्यार्थियों द्वारा परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अपने आसपास हरियाली बढ़ाने में योगदान देंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, परंपरा और त्योहारों के प्रति नई पीढ़ी में जागरूकता और सम्मान की भावना को जागृत करना रहा, जिसे सभी ने सराहनीय प्रयास बताया।
