
हनुमानगढ़। रतन कायाकल्प योग मंदिर की ओर से तीज के पावन अवसर पर सेंट्रल पार्क में रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और अपने अखंड सौभाग्य की कामना करते हुए तीज का व्रत रखा। इस मौके पर पारंपरिक परिधान में सजी महिलाओं ने झूले झूले, गीत गाए और उत्साहपूर्वक नृत्य किया।
रतन कायाकल्प योग मंदिर की अचला ने उपस्थित महिलाओं को तीज व्रत के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह व्रत न केवल महिलाओं के सौभाग्य से जुड़ा है, बल्कि यह पारिवारिक सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना का पर्व भी है।
अचला ने यह भी बताया कि रतन कायाकल्प योग मंदिर केवल योग शिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्था भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए भी निरंतर कार्य करती है। संस्था समय-समय पर त्योहारों से संबंधित कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन और सामाजिक गतिविधियों का संचालन करती है, जिससे समाज में सकारात्मक वातावरण और आपसी सहयोग की भावना बनी रहे।
कार्यक्रम में सभी महिलाओं ने मिलकर पारंपरिक लोक गीत गाए और एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं। आयोजन के माध्यम से न केवल तीज की परंपरा को जीवंत रखा गया, बल्कि सामाजिक एकता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को भी सशक्त किया गया।
