
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा गांधीनगर शक्ति केंद्र के बूथ संख्या 92 पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सामूहिक रूप से सुना गया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात किया और जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला संवाद है, जो प्रत्येक नागरिक को प्रेरणा देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के विचारों को घर-घर पहुंचाएं और समाज को जागरूक बनाएं।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र पारीक, पूर्व पार्षद गौरव जैन, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शुभेन्द्र सिंह, नवरत्न जैन, हर्षवर्धन सिंह राजवी, सुशील रामचंदानी और केशव कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुटता के साथ कार्यक्रम को सुना और उसके मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की।
‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने देश की उपलब्धियों, सामाजिक विषयों, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल प्रगति और जनभागीदारी जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र पारीक ने प्रधानमंत्री के संदेशों की सराहना की और उन्हें अपनी गतिविधियों में शामिल करने की बात कही।
इस अवसर पर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति बनाने और अधिक से अधिक जनसंपर्क स्थापित करने पर भी चर्चा हुई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रम केवल संवाद नहीं, बल्कि देश की दिशा और दशा तय करने वाली प्रेरणा स्रोत श्रृंखला हैं, जिन्हें निरंतर सुनना और प्रचारित करना प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्तव्य है।
