
नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र यादव के आदेशों के बाद नगर परिषद की टीम ने शुक्रवार को जंक्शन बस स्टैंड परिसर में कार्रवाई की। सफाई निरीक्षक रमनदीप कौर के नेतृत्व में टीम ने पिलरों और अन्य जगहों पर लगे अवैध पोस्टर हटाए। इसके साथ ही पूरे बस स्टैंड परिसर को पानी से धुलवाया गया।
सफाई व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए एक कर्मचारी को पाबंद किया गया है, जो सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक और फिर दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक बस स्टैंड पर सफाई कार्य करेगा। यह व्यवस्था दो पालियों में लागू की गई है।
टीम ने बस स्टैंड परिसर में संचालित दुकानों के मालिकों को भी निर्देश दिए। उन्हें अपनी दुकान के बाहर डस्टबीन रखने और कचरा उसी में डालने के लिए समझाया गया। दुकानदारों को अपना सामान निर्धारित जगह पर लगाने और रेहड़ी लगाने वालों को अपनी रेहड़ियां व्यवस्थित तरीके से लगाने के लिए भी पाबंद किया गया।
सफाई निरीक्षक रमनदीप कौर ने बताया कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति बिना स्वीकृति के बस स्टैंड परिसर की दीवारों या पिलरों पर पोस्टर चिपकाएगा, तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर परिषद ने आमजन से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर सफाई का विशेष ध्यान रखें और बस स्टैंड को स्वच्छ बनाए रखने में नगर परिषद का सहयोग करें।
