
नशा मुक्ति के लिए 1100 युवाओं ने 5 किमी तक दौड़ लगाई। मौका था रविवार को शहीद-ए-आजम मैराथन-2025 का।
दैनिक भास्कर के तत्वावधान में आयोजित मैराथन सुबह 7 बजे टाउन स्थित सेंट्रल पार्क से शुरू हुई। मैराथन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। यही नहीं, हर उम्र के लोगों की इसमें सहभागिता रही। मैराथन टाउन के सेंट्रल पार्क से शुरू होकर जंक्शन के भगत सिंह चौक तक पहुंची। आयोजन समिति के अध्यक्ष अमन संधू ने बताया कि इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, भाजपा नेता अमित सहू, आईएमए प्रदेशाध्यक्ष डॉ. एमपी शर्मा, विहिप जिलाध्यक्ष डॉ. निशांत बत्तरा आदि नागरिक मौजूद रहे। यहां अतिथियों ने विजेताओं को नकद पुरस्कार वितरित किए। पुरुष वर्ग में विजेता कुलचंद्र के प्रदीप कुमार रहे वहीं महिला वर्ग में प्रथम स्थान मेहरवाला की मुक्ता ने हासिल किया। दोनों विजेताओं को 21-21 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। (संबंधित समाचार-पेज-14 पर)
मैराथन में प्रथम रहे प्रदीप कुमार ने 5000 मीटर दौड़ 13:53 सेकंड में पूरी की जबकि विश्व रिकॉर्ड के अनुसार 5,000 मीटर की दौड़ में सबसे तेज धावक युगांडा के जोशुआ चेप्टेगी हैं, जिन्होंने 14 अगस्त, 2020 को 12 मिनट 35.36 सेकंड में यह रिकॉर्ड बनाया था। वहीं राजस्थान के खेता राम ने 5000 मीटर दौड़ में एक रिकॉर्ड बनाया था, जब उन्होंने 2014 में पटियाला में 18वीं फेडरेशन कप नेशनल सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान 13:49.17 का समय दर्ज किया था। वहीं भारत का वर्तमान राष्ट्रीय रिकॉर्ड गुलवीर सिंह के नाम है, जिन्होंने फरवरी 2025 में 12:59.77 का समय दर्ज किया। वहीं महिला वर्ग की बात करें तो प्रथम रही मुक्ता ने यह मैराथन 15:53 सेकंड में पूरी की। जबकि विश्व में केन्या की बीट्राइस चेबेट हैं, जिन्होंने 13 मिनट 58.06 सेकंड का विश्व रिकॉर्ड बनाया है।
