
टाउन-जंक्शन मार्ग स्थित हनुमानगढ़ फेस्टिवल मेला इन दिनों लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मेले में रोजाना बढ़ती भीड़ इसके प्रति लोगों के उत्साह को दर्शा रही है। परिवारों, बच्चों और युवाओं में इस मेले को लेकर खासा जोश देखने को मिल रहा है। मेला आयोजक विजयसिंह राठौड़ ने बताया कि अब दर्शकों के लिए एक बड़ा तोहफा देते हुए सोमवार से प्रवेश पूरी तरह निशुल्क कर दिया है। साथ ही मेले का समय दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक तय किया गया है, ताकि लोग आराम से दिनभर मेले का आनंद ले सकें।
इस बार मेले की थीम “सिंगापुर वैली दुबई” रखी गई है, जो आगंतुकों को आधुनिकता और आकर्षण का अनोखा अनुभव दे रही है। मेले का प्रवेश द्वार “एरोप्लेन गेट” के रूप में तैयार किया गया है, जो दूर से ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लेता है। बच्चों से लेकर युवाओं तक हर वर्ग इस थीम को लेकर उत्साहित है।
स्थानीय व्यापार को मिला बढ़ावा मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय दुकानदारों और हस्तशिल्पकारों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए हैं। इससे न केवल स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिल रहा है बल्कि छोटे व्यवसायियों को भी अपने उत्पादों के प्रचार और बिक्री का बेहतर अवसर मिला है। लोगों का कहना है कि इस तरह के मेले शहर के लोगों को एक साथ लाने का माध्यम हैं और पारिवारिक मनोरंजन के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देते हैं।
