
श्रीगंगानगर में एक इलेक्ट्रॉनिक शॉप के बाहर से दिनदहाड़े सिलाई मशीन व इलेक्ट्रिक गीजर चोरी करने का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो युवक दुकान के बाहर से सिलाई मशीन व इलेक्ट्रिक गीजर चोरी कर ले गए।
वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना गोल बाजार में केदार चौक के पास स्थित कुमार एंड कंपनी शॉप की है।

गीजर व सिलाई मशीन चोरी कर भागते हुए बाइक सवार चोर।
शॉप मालिक बोला- पांच मिनट के लिए घर गया था
शॉप के मालिक राजेश मल्होत्रा ने बताया- गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह शॉप पर आए थे। इसके बाद शॉप में साफ-सफाई और पूजा की। 11:15 बजे वह शॉप के पास ही स्थित 5 मिनट के लिए घर में चले गए। इस दौरान शॉप पर उनका भाई बैठा था। इसी बीच दो युवक बाइक पर सवार होकर आए।
एक युवक बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा, जबकि दूसरे ने शॉप में घुसकर सिलाई मशीन व गीजर उठाकर बाइक की पिछली सीट पर रख लिया। इसके बाद दोनों आराम से सामान लेकर फरार हो गए। घटना का पता 11:30 बजे चला। दुकान के बाहर से एक गीजर व सिलाई मशीन गायब थी। जब दुकान के सीसीटीवी फुटेज चेक गए तो उसमें बाइक सवार 2 युवक चोरी करते नजर आए।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।
शॉप मालिक ने कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शॉप मालिक ने बताया- पिछले साल दिसंबर में भी उनकी दुकान से एक चोर गीजर चुराकर ले गया था।
गोल बाजार में लगातार दूसरी बार चोरी होने से व्यापारी भड़के हुए हैं और पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।
