
हनुमानगढ़ शहर में चल रहे सीवरेज निर्माण कार्य से शहर की सभी सड़कों की हालात बदतर हो चुकी है। कहीं सीवर लाइन तोड़ रखी है तो कहीं पानी की पाइप भी तोड़ दी गई है। इसके अलावा इंटरनेट और बिजली की केबलें भी टूट रही हैं। निर्माण बहुत ही धीमा चलने से रास्ते रुक रहे हैं। इससे कॉलोनी में विभिन्न कामों के लिए आने जाने वाले लोग परेशान हो रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि सीवरेज का काम जरूरी है, लेकिन इसके लिए जनता की परेशानी बढ़ाना बिल्कुल भी सही नहीं है।
बस स्टैंड के सामने दुर्गा कॉलोनी, संगरिया रोड सहित शहर की कॉलोनियों के हालात इन दिनों बदतर हो चुके है। सीवरेज कंपनी की लापरवाही यह है कि सड़कों खस्ताहाल करके छोड़ दिया गया है। इसके लिए निर्माण कार्य शुरू कराने से पहले लोगों के आने जाने के लिए कोई बेहतर विकल्प भी नहीं दिए गए। जितना काम पूरा कर सकते हैं, उतनी ही सड़क उखाड़ें ताकि परेशानी न हो; शहर में बहुत सारे ऐसे काम हैं, जिनको पूरा करने के लिए तोड़-फोड़ करनी पड़ती है। ऐसे ही शहर में कई जगह सीवरेज का निर्माण कार्य चल रहा है। मगर कई-कई दिनों तक गड्ढे खुदे रहते हैं। शहर के मुख्य मार्गों की हालात भी खराब है। कई जगह पर करीब 5 से 6 माह से ज्यादा समय खाई और सड़क को खोदकर छोड़ रखा।
वहीं कई कॉलोनियों के आस-पास भी ऐसे ही हालात बनाकर काम छोड़ रखा है। इसलिए जितना काम पूरा किया जा सकता है, उतनी ही सड़क उखाड़ी जाए। जिससे आमजन को परेशानी ना हो और सीवरेज कंपनी का भी काम आसान हो सके। सुविधा के नाम पर जन दुविधा बढ़ाई राहगीर: सूरज कुमार ने कहा कि सीवरेज लाइने डालकर जनता को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दावा किया गया था। अब जन सुविधा के नाम पर जनता को दुविधा में डालकर छोड़ दिया गया है। कई मुख्य मार्ग ऐसे है जिन पर निजी शिक्षण संस्थान और अस्पताल भी है। फिर भी इसी रास्ते को बदहाल बनाकर छोड़ दिया गया है।
