
जंक्शन स्थित एक इंस्टिट्यूट पर विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने के आरोप लगे हैं। इस संबंध में पीड़ित दो युवकों ने एसपी को ज्ञापन पेश कर कार्रवाई की मांग की है।
रावतसर ग्राम पंचायत 22 एजी निवासी सुनील बिश्नोई पुत्र नंदलाल ने बताया कि उसकी पहचान उड़ान पीटीई इंस्टीट्यूट के संचालक से हुई। संचालक ने उसे आश्वासन दिया कि वह उसे स्टडी वीजा लगवाकर विदेश भेज देगा। इस बहाने आरोपी ने सुनील से 500 और 100 रुपये के स्टाम्प, खाली कागजात, बैंक पासबुक व हस्ताक्षरित दस्तावेज ले लिए और उसके नाम से ऑनलाइन खाता खोलकर करीब 30 लाख का लोन उठा लिया। बाद में आरोपी ने सुनील से 2 लाख नकद और टिकट बुक करवाने के नाम पर 62 हजार रुपए और ऐंठ लिए। जब सुनील को वीजा संबंधी मेल आई तो उसमें बताया गया कि उसका वीजा फर्जी है।
इसी तरह पीरकामडिय़ां निवासी लखजिन्द्र सिंह पुत्र इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि आरोपी ने चण्डीगढ़ रोड स्थित “स्टडी लोन एक्सपर्ट” के माध्यम से उसके नाम से 30 लाख का लोन करवाया। उसमें से 5.5 लाख रुपए करण बब्बर और रितमान उर्फ रहमतमान ने हड़प लिए। इसके बाद वीजा फीस के नाम पर लखजिन्द्र से 18.50 लाख अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवाए, जिनमें हरप्रीत सिंह और राजपाल कौर के बैंक खाते शामिल हैं। बाद में उसे फर्जी वीजा थमा दिया गया। जब वह 22 अगस्त 2025 को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा तो इमिग्रेशन अधिकारियों ने फर्जी दस्तावेज़ बताते हुए उसे ऑफलोड कर दिया। बाद में भी आरोपी ने अलग-अलग तिथियों में उससे कुल 29.50 लाख हड़प लिए। दोनों पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि अनुराग ने विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा, झूठे दस्तावेज़ और बैंकिंग धोखाधड़ी की है।
