
जिला पुलिस की ओर से एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों का मंगलवार को निस्तारण किया गया। जिला नशीले पदार्थ निवारण समिति की देखरेख में यह प्रक्रिया जंक्शन में इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित श्रीमहालक्ष्मी केम कार्बोनेट फैक्ट्री में पूरी की गई।
एसपी हरी शंकर ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्रवाई के दौरान जब्त मादक पदार्थों का निस्तारण धारा 52(ए)(2) के तहत किया गया। जिन मामलों में एफएसएल रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, उनमें अफीम को छोड़कर शेष मादक पदार्थांे के निस्तारण की कार्यवाही सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए की गई। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी करवाई गई ताकि पारदर्शिता रहे।
निस्तारित मादक पदार्थों में डोडा पोस्त 34 क्विंटल 45 किलो 500 ग्राम, नशीली टैबलेट्स/कैप्सूल 18,864, चिट्टा/हेरोइन 1 किलो 523 ग्राम और गांजा 41 किलो 160 ग्राम शामिल रहे। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 करोड़ 47 लाख रुपए बताई गई है। एसपी ने बताया कि नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में जिलेभर की पुलिस लगातार सक्रिय है। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में भौतिक सत्यापन और एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद ही जब्त माल का निस्तारण किया जाता है। इस दौरान एएसपी जनेश तंवर, अपराध सहायक जगदीश कड़वासरा, जंक्शन सीआई लक्ष्मण सिंह राठौड़ सहित सभी थानाधिकारी और मालखाना प्रभारी मौजूद रहे।
