
जंक्शन स्थित जिला क्लब इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को यौनेक्स सनराइज राजस्थान राज्य सब-जूनियर अंडर-17 बैडमिंटन प्रतियोगिता के मुख्य दौर के मुकाबले शुरू हुए। पहले ही दिन खेले गए मैच रोमांचक रहे। हर कोर्ट पर जबरदस्त खेल देखने को मिला। प्रतियोगिता आयोजन सचिव एवं हनुमानगढ़ जिला बैडमिंटन संघ के सचिव नरेंद्र खिलेरी ने बताया कि कुल 110 मुकाबले खेले गए। इनमें बालक व बालिका वर्ग के एकल, युगल और मिश्रित युगल के मैच शामिल रहे।
बालिका एकल वर्ग में जयपुर की पर्ल पारीक ने जोधपुर की मनस्वी स्वामी को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। वहीं जयपुर की आराध्या जोधा और राजसमंद की काव्या चौधरी के बीच मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक मैचों में से एक रहा। आराध्या ने यह संघर्षपूर्ण मैच 16-21, 22-20 और 21-19 से जीतकर टॉप-32 में प्रवेश किया। बालक एकल वर्ग में सीकर के शौर्य प्रताप ने हनुमानगढ़ के अरनव सहारण को 21-7, 28-30 और 21-15 के रोमांचक स्कोर से मात दी। दोनों खिलाड़ियों के बीच दूसरे गेम में लंबे समय तक अंक बराबरी पर चलते रहे, लेकिन तीसरे सेट में शौर्य ने शानदार वापसी कर मुकाबला अपने नाम किया।
खिलेरी ने बताया कि बालिका वर्ग में अजमेर की विधि शर्मा, चित्तौड़गढ़ की काव्या जोशी, भीलवाड़ा की अदविका शर्मा और उदयपुर की नेहल सिसोदिया ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। वहीं बालक वर्ग में उदयपुर के यजत शर्मा सहित कई खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आगे प्रवेश किया। प्रतियोगिता के तीसरे दिन खिलाड़ियों के जुझारू रवैये और खेल के प्रति समर्पण ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। बुधवार को दूसरे चरण के मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें राज्य के शीर्ष रैंकिंग वाले खिलाड़ी कोर्ट पर उतरेंगे। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले सप्ताहांत में खेले जाएंगे।
