
श्रीगंगानगर में एक महिला वकील से उसकी बेटी को विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला की बेटी को कनाडा का स्टडी वीजा बनाकर विदेश भेजने का झांसा दिया और पैसे हड़प लिए।
मामला श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र का है। पुलिस को दी रिपोर्ट वंदना मंडा (41) निवासी श्रीगंगानगर ने बताया कि आरोपी प्रकाश गोदारा (36) निवासी धौलीपाल (हनुमानगढ़) उनके परिवार से नजदीकी पारिवारिक संबंध रखता था। वह उसे (महिला) को बहन मानता था।
विश्वास में आकर पीड़ित परिवार ने अपनी जमीन तक बेच दी और लोन भी लिया। पीड़ित परिवार ने बताया कि क साल पहले प्रकाश ने महिला से कहा कि उनकी इकलौती बेटी दामिनी जो कि दसवीं क्लास में पढ़ती है, को कनाडा स्कूलिंग वीजा दिलवा देंगे। इसके बाद वह कनाडा में स्टडी कर सकेगी और उसकी मां भी साथ रह सकेंगी। इसके लिए परिवार की अच्छी आर्थिक स्थिति दिखानी जरूरी है।
परिवार को रुपए जुटाने के लिए कहा
आरोपी ने बाद में परिवार को रुपए जुटाने के बारे में कहा। विश्वास में आकर वंदना के पति सुशील कुमार ने फरवरी 2022 में गोलुवाला की 2 एचडीपी चक की जमीन बेची और 66 लाख रुपए प्रकाश को दे दिए। इसके अलावा क्रेडिट कार्ड से 1.86 लाख, बड़ी बहन शिखा विश्नोई के SBI अकाउंट से 3 लाख और बजाज फाइनेंस से 15 लाख गोल्ड लोन लेकर कुल 85.86 लाख रुपए आरोपी को दे दिए। आरोपी ने जल्द वीजा देने का भरोसा दिया। लेकिन जून 2025 तक वीजा फाइल भी अपलोड नहीं हुई। आरोपी पूछने पर बार-बार टालमटोल करता रहा।
सितंबर 2025 में वंदना ने घर पर पंचायत बुलाई, जिसमें राहुल गोदारा, शारदा, प्रदीप गोदारा और हरनेक सिंह शामिल थे। जहां प्रकाश ने 85.86 लाख लेना स्वीकार किया और कहा कि कुछ पैसे क्रिप्टो में लगा दिए। वह उनके पैसे जल्द लौटा देगा। महिला ने पंचायत की वीडियो रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव और वॉट्सऐप चैट स्क्रीनशॉट सबूत के तौर पर थाने में दिए हैं।
आरोपी परिवार को दे रहा है धमकी
अब प्रकाश ने पैसे लौटाने से मना कर दिया। आरोपी ने कहा- बहुत वक्त बीत गया, अब कुछ नहीं बिगाड़ सकते। मेरे बड़ी गैंग से संबंध हैं और उनके परिवार को मरवा या गायब करवा दूंगा।
साथ ही पूजा बराला और नीलम तरड का नाम लिया कि उन्होंने भी कुछ पैसे लिए। आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। फिलहाल महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल सत्यनारायण कर रहे हैं।
