
हनुमानगढ़। बाल दिवस के अवसर पर महावीर इंटरनेशनल वीरा सेन्टर द्वारा सामाजिक दायित्व निभाते हुए महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को शूज वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्दी के मौसम को देखते हुए स्कूल प्रशासन की मांग पर संगठन ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों के लिए नए शूज उपलब्ध करवाए। इस अवसर पर बच्चों को खाद्य सामग्री भी वितरित की गई, जिससे छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई।
संगठन अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने बताया कि विद्यालय प्रशासन की ओर से सूचना मिली थी कि कई बच्चे आर्थिक तंगी के कारण बिना शूज के स्कूल आने को मजबूर हैं। सर्दियों के आगमन पर यह समस्या और भी गंभीर हो रही थी। बच्चों के इस अभाव को दूर करने के उद्देश्य से संगठन सदस्यों ने बाल दिवस का अवसर चुनकर सेवा कार्य करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती है और नेहरूजी का बच्चों के प्रति विशेष प्रेम रहा है, इसलिए इस दिन जरूरतमंद बच्चों की सहायता करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के दौरान वीरा ग्रुप की महिला सदस्यों ने बच्चों को शूज पहनाकर उन्हें मौसम से बचाव के साथ आत्मविश्वास के साथ विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। बच्चों के चेहरों पर नई शूज पाकर आई चमक ने आयोजन को और भी भावुक एवं सार्थक बना दिया। बच्चों ने संगठन सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपहार उनके लिए बहुत उपयोगी है।
इस सेवा कार्य में संगठन की सक्रिय सदस्य सुमन चावला, अविशी छाबड़ा, पायल चिलाना, कोमल मुरजानी, रितिका छाबड़ा, परीक्षा बांठिया, मोनिका जोशी, दीपिका जैन और मीना गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों ने मिलकर बच्चों की सहायता के इस कार्य में योगदान दिया और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यक्रम निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
विद्यालय प्रशासन ने महावीर इंटरनेशनल वीरा सेन्टर के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल बच्चों को सहायता मिलती है बल्कि उनमें समाज के प्रति विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा भी बढ़ती है। संगठन द्वारा किया गया यह कार्य बाल दिवस को वास्तव में सार्थक और प्रेरणादायी बनाने वाला रहा।
