
हनुमानगढ़ टाउन। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में बाल दिवस के उपलक्ष्य में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के पहले दिन मुख्य अतिथि के रूप में हनुमानगढ़ टाउन के यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा तथा बीजेपी महासचिव प्रदीप एरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण समारोह से हुई, जिसके बाद विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का वातावरण छा गया। मुख्य अतिथि अनिल चिन्दा ने बच्चों को यातायात के नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षित भविष्य के लिए यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के मूल सिद्धांतों को समझने और दैनिक जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। वहीं, प्रदीप एरी ने बच्चों को खेलों का महत्व बताते हुए कहा कि आज के समय में मोबाइल से दूरी बनाकर खेलों को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बाल दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता के पहले दिन 14 नवंबर 2025 को लड़कियों की खो-खो प्रतियोगिता तथा साइकिल रेस का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बेहतरीन खेल कौशल और उत्साह का प्रदर्शन किया। खेल मैदान में बच्चों की ऊर्जा देखते ही बनती थी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य बलकरन सिंह ने बताया कि दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में जूनियर समूह के लिए फाग रेस, बेक रेस और वन लेग रेस जैसे रोचक खेल शामिल किए गए हैं। वहीं सीनियर समूह के लिए कबड्डी, खो-खो, साइकिलिंग रेस तथा रस्साकशी आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना का विकास करना और शारीरिक व मानसिक रूप से उन्हें सशक्त बनाना है। अंतिम दिन विजयी प्रतिभागियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रधानाचार्य ने संदेश दिया कि खेल को सदैव खेल की भावना से खेलना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास संभव है।
