
हनुमानगढ़। काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर परिसर में शुक्रवार को आयोजित विशेष बैठक में महिला मंडली का गठन किया गया। बैठक में उपस्थित महिला सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से वीना सैनी को मंडली का अध्यक्ष चुना गया। इसी के साथ सभी सदस्यों की सहमति से अनिता शर्मा को उपाध्यक्ष, सरोज कंवर को सचिव, रीना देवी को सहसचिव, सरोज सैनी को कोषाध्यक्ष, दीपिका को प्रचारमंत्री, नीलम को संगठन मंत्री नियुक्त किया। नवनियुक्त अध्यक्ष व पूरी टीम का माल्यार्पण कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। महिला मंडली के गठन से मंदिर में होने वाले धार्मिक आयोजनों और सेवा कार्यों को और अधिक व्यवस्थित, सक्रिय और उत्साहपूर्ण बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
बैठक के दौरान श्री नीलकंठ महादेव सेवा समिति के अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने कहा कि काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में होने वाले विभिन्न अनुष्ठानों, पर्व-त्योहारों और सामाजिक कार्यक्रमों में महिला शक्ति का हमेशा से महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि प्रातःकालीन पूजा से लेकर विशेष अनुष्ठान और भंडारे तक, हर गतिविधि में महिलाएं न केवल सक्रिय रहती हैं, बल्कि अपनी निष्ठा, परंपराओं के प्रति आस्था और सेवा भाव के जरिए वातावरण को और अधिक पावन बनाती हैं। इसी योगदान को सम्मान देने और सेवा कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के मकसद से महिला मंडली का औपचारिक गठन किया गया है।
नारंग ने कहा कि महिला मंडली की जिम्मेदारी मंदिर में होने वाले कार्यक्रमों के संचालन, सेवाओं के समन्वय, स्वच्छता व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और विशेष अनुष्ठानों की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना होगा। मंडली के माध्यम से महिलाओं को अपनी प्रतिभा, संगठन क्षमता और सेवा भावना को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जिससे मंदिर की गतिविधियों में और अधिक पारदर्शिता और सुदृढ़ता आएगी।
बैठक में उपस्थित महिला सदस्यों ने भी भावी योजनाओं को लेकर चर्चा की। महिलाओं ने मासिक भजन संध्या, मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान, त्योहारों पर विशेष कार्यक्रमों की तैयारी, प्रसाद वितरण व्यवस्था तथा सामाजिक सेवा गतिविधियों में योगदान देने का संकल्प लिया। साथ ही, मंदिर में आने वाली महिलाओं और वृद्ध श्रद्धालुओं की मदद हेतु सेवा समूह गठित करने का भी प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिस पर समिति द्वारा सहमति जताई गई।
नवनियुक्त अध्यक्ष वीना सैनी ने विश्वास जताया कि सभी महिला सदस्यों के सहयोग से मंडली मंदिर की सभी गतिविधियों को नई ऊर्जा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि सेवा ही सर्वोपरि धर्म है और मंदिर के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए महिला मंडली निरंतर सक्रिय रहेगी। इस मौके पर सचिव चिमन मित्तल, प्रचारमंत्री विजय भूतना, उपाध्यक्ष रामचंद्र बाघला, महेश लकेसर व अन्य सदस्य मौजूद थे।
