
पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम पर ICC ने मैच फीस का 10% जुर्माना लगाया है। उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया है। यह सजा उन्हें लेवल-1 आचार संहिता का उल्लंघन करने पर मिली है, जिसमें मैदान पर किसी भी क्रिकेट उपकरण के साथ गलत व्यवहार करना प्रतिबंधित है।
16 नवंबर को श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे में आउट होने के बाद बाबर ने गुस्से में अपना बैट स्टंप पर मार दिया था। इस मैच में उन्होंने 34 रन बनाए थे और उन्हें जेफरी वेंडरसे ने बोल्ड किया था।
बाबर ने आउट होकर बैट स्टंप पर मारा पाकिस्तानी पारी के 21वें ओवर की तीसरी बॉल पर बाबर बोल्ड हो गए थे। अपने खराब शॉर्ट से निराश होकर बाबर ने अपने बैट को स्टंप पर मार दिया। जोकि ICC कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन है।
इसके अनुसार, कोई खिलाड़ी या फिर सपोर्ट स्टाफ इंटरनेशनल मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या कपड़ों, मैदानी उपकरणों या खेल के दौरान इस्तेमाल होने वाली किसी चीज का अनादर नहीं कर सकता है।
पाकिस्तानी बल्लेबाज ने अपराध और प्रतिबंध स्वीकार कर लिया, जिससे ऑफिशियल सुनवाई की आवश्यकता नहीं हुई।

श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे में आउट होकर पवेलियन लौटते बाबर आजम।
क्या कहता है कोड ऑफ कंडक्ट का नियम ICC कोड ऑफ कंडक्ट के मुताबिक, लेवल-1 और लेवल-2 के उल्लंघन पर 1 से 2 डिमेरिट पॉइंट्स के साथ शून्य से 50 फीसदी मैच फीस लगती है। लेवल-3 के उल्लंघन करने पर 6 टेस्ट और 12 वनडे का सस्पेंशन मिलता है। बाबर पर 1 डिमेरिट पॉइंट का जुर्माना लगाया गया है।
- 24 महीने के अंदर चार या अधिक डिमेरिट पॉइंट मिलने पर वे सस्पेंशन पॉइंट में बदल जाते हैं। खिलाड़ी पर प्रतिबंध लगता है।
- 2 सस्पेंशन पॉइंट होने पर खिलाड़ी को एक टेस्ट, 2 वनडे या फिर 2 टी-20 इंटरनेशनल मैचों (जो भी पहले आए) के लिए बैन किया जाता है।
- डिमेरिट पॉइंट किसी खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ के डिसिप्लिन रिकॉर्ड में 24 महीने तक रिकॉर्ड में रहते हैं, फिर हटा दिए जाते हैं।
पाकिस्तान ने श्रीलंका को 3-0 से हराया पाकिस्तान ने रावलपिंडी में खेले गए तीसरे वनडे में श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। पाकिस्तान ने पहला मुकाबला 6 रन से और दूसरा मैच 8 विकेट से जीता था।
