
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत जंक्शन स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिला युवा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी और जिलेभर से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा से जोड़ना, संगठन के प्रति उनकी भूमिका स्पष्ट करना और सामाजिक हित में युवाओं की सहभागिता बढ़ाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई, जिसके बाद सम्मेलन का औपचारिक शुभारंभ हुआ। अध्यक्षता युवा सम्मेलन जिला संयोजक प्रशांत सिहाग ने की। सम्मेलन के मुख्य वक्ताओं में सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह बराड़, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, भाजपा नेता अमित चौधरी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सुशील जोशी, आत्मनिर्भर भारत के जिला संयोजक डॉ. भारत भूषण शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी, जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, आईटी संयोजक पारस मिड्ढा, सोशल मीडिया सयोजक प्रवीण कटारिय, मंडल अध्यक्ष लूणाराम पुनिया, बलराज मान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता व सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह बराड़ ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि देश के भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, और इस प्रगति में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और उद्यमिता के क्षेत्रों में आगे बढ़ें। बराड़ ने कहा कि युवा यदि दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य तय कर लें, तो देश को वैश्विक नेतृत्व दिलाने में कोई बाधा नहीं रहेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की रीढ़ है और संगठन का भविष्य भी। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से युवाओं को राजनीति, सामाजिक सेवा और विकास कार्यों से जोड़ने के लिए समर्पित रही है। डेलू ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान का उद्देश्य न केवल युवाओं को रोजगार देना है, बल्कि उन्हें रोजगार देने वाले उद्यमी के रूप में तैयार करना भी है। उन्होंने युवाओं को पार्टी की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों से जुड़कर समाज को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
जिला संयोजक प्रशांत सिहाग ने कहा कि यह सम्मेलन युवाओं को एक दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज का युवा सक्षम, जागरूक और प्रतिबद्ध है, उसे सिर्फ सही मार्गदर्शन की आवश्यकता है। सिहाग ने युवाओं से पार्टी के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।
जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल ने युवाओं से सार्वजनिक हित में वाटर स्पेशल गहन पुनर्निरीक्षण के फार्म भरवाने में आमजन की मदद करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है और इससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। तायल ने कहा कि पार्टी संगठन युवाओं की सहभागिता से और अधिक सशक्त होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने मिलकर युवाओं को राष्ट्र सेवा, आत्मनिर्भरता, अनुशासन और संगठन के सिद्धांतों पर चलने का संदेश दिया। सम्मेलन के अंत में युवा कार्यकर्ताओं ने जिले की प्रगति और आत्मनिर्भर भारत निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ और बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ इसमें भाग लिया। इस मौके पर महेंद्र पूनिया, मदन पूनिया, सुभाष सहारण, अपरजोत बराड, शीशपाल महला, मैनपाल बेनीवाल ,जय सिंह साहू ,सोहन सोनी, अविनाश सहारण, सुरेंद्र खीचड़, मनीष भाटी, प्रमोद गाट ,कपिल खिलेरी ,अजय तरड़, रजत राव, प्रवीण कूकना सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
