
हनुमानगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) पंजाब के 57वें प्रांत अधिवेशन में हनुमानगढ़ निवासी युवा कार्यकर्ता राजकुमार बागड़ी को एबीवीपी पंजाब का प्रांत सहमंत्री नियुक्त किया गया। बागड़ी की इस नियुक्ति से जिले में हर्ष का माहौल है। संगठन ने उन पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनके अनुभव, ऊर्जा और निरंतर सक्रियता से विद्यार्थी परिषद को नई मजबूती मिलेगी। उनकी नेतृत्व क्षमता, संगठन के प्रति समर्पण और युवाओं के हित में किए गए कार्यों को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व उन्हें सौंपा गया है।
संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि प्रांत सह मंत्री के रूप में राजकुमार बागड़ी पंजाब के युवाओं के शैक्षणिक, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। परिषद ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके जुड़ने से प्रदेश में नई कार्ययोजना को गति मिलेगी तथा अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने में भी मदद मिलेगी। अधिवेशन में उनकी नियुक्ति की विधिवत घोषणा होते ही सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का तांता लग गया।
इधर, गुरुवार को राजकुमार बागड़ी हनुमानगढ़ पहुंचने पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलमालाएं पहनाकर अभिनंदन किया और मिठाइयां वितरित कर खुशी जाहिर की। इस दौरान बागड़ी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने युवाओं की समस्याओं के समाधान और शैक्षणिक विकास को अपनी प्राथमिकता बताया। कार्यकर्ताओं ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ज्ञात रहे कि राजकुमार बागड़ी का पूरा परिवार भाजपा को समर्पित है और इनके बड़े भाई अर्जुन बागड़ी बाल अधिकार आयोग के प्रदेश सदस्य रह चुके है।
