
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित पशु मेला ग्राउंड में आरसीबीए द्वारा आयोजित नेशनल डेयरी एवं कृषि प्रदर्शनी का समापन बुधवार को उत्साह और हर्षाेल्लास के माहौल में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष मक्कासर तथा पूर्व सरपंच रामविलास चौयल थे। दोनों अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
आयोजन समिति अध्यक्ष दयाराम सिल्लू ने बताया कि प्रदर्शनी में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से 400 से अधिक पशुओं का रजिस्ट्रेशन हुआ और जिनमें विभिन्न प्रतियोगिताएं हुई, जिसका आज समापन हुआ। उन्नत नस्लों की गायें, भैंसें और अन्य पशुधन मेले का मुख्य आकर्षण बने हुए हैं। सुबह से ही पशुपालकों और ग्रामीणों की भारी भीड़ मेले में उमड़ रही है, जिससे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।
मेले की विशेषता यह है कि निर्णय प्रक्रिया के लिए फ्रांस से पशु विशेषज्ञ निर्णायक के रूप में पहुंचे हैं। ये विशेषज्ञ विभिन्न नस्लों की गुणवत्ता, उत्पादन क्षमता और सौंदर्य का मूल्यांकन कर रहे हैं, जिससे पशुपालकों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही कुछ विदेशी पर्यटक भी मेले में शामिल होकर भारतीय पशुपालन की परंपरा और विविधता को निकट से समझ रहे हैं।
प्रदर्शनी में ऑल इंडिया लेवल पर गाय के दूध उत्पादन प्रतियोगिता, राजस्थान स्तरीय दूध प्रतियोगिता, जर्सी गाय दूध प्रतियोगिता, मुर्रा भैंस दूध प्रतियोगिता और साहीवाल गाय दूध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसयमें प्रथम विजेता को एचएफ डिलक्स बाइक, द्वितीय को 31 हजार रुपये तथा तृतीय विजेता को 21 हजार रुपये का पुरस्कार अतिथियों द्वारा देकर सम्मानित किया। इसके अलावा मिल्किंग गाय ब्यूटी, दो-दांत बछिया ब्यूटी, खीरी बछिया ब्यूटी सहित कई आकर्षक प्रतियोगिताएं भी हुई, जिसके विजेताओं को सम्मानित किया गया। मेले में आधुनिक कृषि उपकरणों, डेयरी मशीनरी, चारा प्रबंधन तकनीक और पशु चिकित्सा से संबंधित स्टॉल भी लगीं, जो पशुपालकों के लिए नई तकनीक और आधुनिक समाधान उपलब्ध करा रहे हैं। समापन समारोह के दौरान सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि मनीष मक्कासर और रामविलास चौयल ने सम्मानित किया
