
हनुमानगढ़| विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत स्वीप केलेंडर अनुसार किसानों को कार्यक्रम की जानकारी दी। स्वीप प्रभारी गुरविंद्र सिंह संधू ने बताया कि समस्त कृषि पर्यवेक्षक द्वारा किसानों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। इसमें सभी कृषकों से बीएलओ का सहयोग करने तथा जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करवाने को कहा गया।
भादरा के उपनिदेशक बनवारीलाल डाबला ने अपने अधीनस्थ कार्मिकों को तथा किसान सभा के सभी सदस्यों से बीएलओ कार्य में फोटो तथा कागज उपलब्ध करवाने की अपील की। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी भागीरथ राम ने भादरा शहरी क्षेत्र के बीएलओ के कार्य का निरीक्षण किया तथा अनुपस्थित, स्थानान्तरित, मतदाताओं की क्रॉस चैकिंग कर कार्य जल्द से जल्द करवाने के लिए निर्देशित किया। हनुमानगढ़ में सुपरवाइजर को पुरस्कृत करते कलेक्टर। भास्कर संवाददाात|हनुमानगढ़ विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत जिले में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य अब अंतिम चरण में है। मैपिंग व डिजिटाइजेशन के कार्य की गुणवत्ता विश्लेषण एवं सुधार पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। मंगलवार को संगरिया विधानसभा क्षेत्र ने विशेष उपलब्धि हासिल करते हुए अपने शत-प्रतिशत पंजीकृत मतदाताओं के गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण कर दिया है। जिले में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने वाले बीएलओ एवं बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के पश्चात जिले में अब तक शत प्रतिशत कार्य पूर्ण करने वाले सुपरवाइजर्स का भी सम्मान किया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा वीसी के माध्यम से हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सर्वप्रथम 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य हासिल करने वाले सुपरवाइजर्स को सम्मानित किया। इनमें सुपरवाइजर मुकेश कुमार, भूप सिंह पूनियां, राजेंद्र सिंह को प्रमाण पत्र तथा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत समीक्षा बैठक का आयोजन किया। निर्वाचन अधिकारी ने संशोधित कार्यक्रम के संबंध में बैठक में हिदायत देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि भारत निर्वाचन आयोग के एसआईआर कार्यक्रम की तिथियों में अब कोई संशोधन नहीं होगा। जिन मतदाताओं द्वारा 11 दिसंबर तक अपना परिगणना प्रपत्र संबंधित बीएलओ को जमा नहीं करवाया जाएगा, उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। जिले के कुल पंजीकृत मतदाताओं में से अब तक 99 प्रतिशत मतदाताओं के परिगणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है। संगरिया विधानसभा क्षेत्र ने सर्वप्रथम 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा कर मिसाल कायम की। हनुमानगढ़ विधानसभा ने भी लगभग शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य हासिल कर लिया है। इसके अतिरिक्त नोहर विधानसभा 99 प्रतिशत तथा पीलीबंगा व भादरा विधानसभा 98 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लक्ष्य के करीब है। जिले के कुल 1294 मतदान केंद्रों में से लगभग 750 मतदान केंद्रों ने 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया है तथा 525 मतदान केंद्र निर्धारित लक्ष्य के करीब हैं। प्रत्येक विधानसभा पर प्रति बीएलओ औसत 1050 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया गया है। विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूर्ण कराने एवं अधिकतम नागरिकों के विवरण मतदाता सूची में जुड़वाने तथा सत्यापन करवाने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से चुनाव आयोग ने एसआईआर अभियान की तिथियों में संशोधन किया है।
गणना चरण की अवधि को बढ़ाकर अब 11 दिसंबर तक कर दिया गया है। ड्राफ्ट मतदाता सूची 16 दिसंबर, 2025 को जारी होगी, जिसके पश्चात दावे एवं आपत्तियां 16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। सुनवाई एवं सत्यापन की प्रक्रिया 16 दिसंबर, 2025 से 7 फरवरी, 2026 तक संचालित होगी। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी। आयोग द्वारा किया गया यह परिवर्तन मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण कदम है।
