
हनुमानगढ़| राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत) के रविवार को हुए चुनाव में सर्वसहमति से नीरज कौशल जिलाध्यक्ष चुने गए। जंक्शन की दुर्गा मंदिर धर्मशाला में हुई बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में सभी सदस्यांे ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि सहमति से ही जिलाध्यक्ष का चयन किया जाए ताकि फार्मासिस्टों में एकता बनी रहे। वक्ताओं ने जिलाध्यक्ष के लिए वरिष्ठ फार्मासिस्ट नीरज कौशल का नाम रखा जिस पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई।
जिलाध्यक्ष का कार्यकाल दो वर्ष रहेगा। कौशल ने कहा कि साथियों ने जिस विश्वास के साथ नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी है उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन किया जाएगा। सभी मिल-जुलकर कार्य करेंगें और मेरी प्राथमिकता फार्मासिस्ट और संगठन हित में कार्य करना रहेगी। उन्होंने एक सप्ताह में जिला कार्यकारिणी गठित कर प्रदेश कार्यकारिणी को सूचि भिजवाने के लिए आश्वस्त किया। सदस्यों ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर प्रदेश सचिव गुलशन छाबड़ा, संभाग प्रभारी दीपक वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय मांडिया आदि मौजूद थे।
