
हनुमानगढ़ जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक मंगलवार को जिला परिषद कार्यालय के सभागार में हुई। बैठक में पानी, बिजली और सड़क जैसे विकास से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ अवैध शराब बिक्री और नशे के कारोबार पर भी चर्चा हुई।
जिला प्रमुख कविता मेघवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई, जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति प्रधान मौजूद रहे। पंचायत राज के जिला परिषद सदस्यों, जिला प्रमुख व पंचायत समिति प्रधान के कार्यकाल के अंतिम दिन हुई साधारण सभा की बैठक से पहले जनप्रतिनिधियों का सम्मान भी किया गया।
प्रधान ने लगाया अवैध नशा बेचने का आरोप
नोहर पंचायत समिति प्रधान सोहन ढिल ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में शराब की अवैध ब्रांचों पर शराब ठेकेदारों के लोग खुलेआम चिट्टा, नशीले कैप्सूल-टेबलेट सहित अन्य नशीले पदार्थ बेच रहे हैं, जिससे युवाओं में नशे की लत तेजी से बढ़ रही है। इस सस्ते नशे के कारण घर-परिवार उजड़ रहे हैं।
ढिल ने बताया कि पिछले पांच साल से हर बैठक में आबकारी विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है, लेकिन विभाग खानापूर्ति से आगे नहीं बढ़ रहा। इस पर जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला आबकारी अधिकारी को जिलेभर में डिकॉय ऑपरेशन चलाने के सख्त निर्देश दिए, ताकि अवैध ब्रांचों पर चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थ बेचने वालों पर बिना नरमी के कार्रवाई हो सके।
बैठक में जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा सहित अन्य सदस्यों ने भी क्षेत्र में पेयजल, बिजली, सड़कों की मरम्मत, स्कूलों की सुविधाओं और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दे उठाए।
