
एएनएम प्रशिक्षण की 45 सीटों पर प्रवेश के लिए पहली काउंसलिंग 11 दिसंबर को स्वास्थ्य भवन में आयोजित की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नवनीत शर्मा ने यह जानकारी दी है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि काउंसलिंग 11 दिसंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक स्वास्थ्य भवन स्थित सीएमएचओ कार्यालय में होगी। अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्र लेकर काउंसलिंग के लिए उपस्थित होना होगा। इस काउंसलिंग में सामान्य वर्ग के लिए 89.20 प्रतिशत, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 87.80 प्रतिशत, अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 87.00 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 83.60 प्रतिशत तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।
इसके अतिरिक्त आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 82.40 प्रतिशत, अति पिछड़ा वर्ग के लिए 86.00 प्रतिशत, आंगनबाड़ी श्रेणी में 50.80 प्रतिशत, आशा वर्ग के लिए 42.15 प्रतिशत और दिव्यांगजनों के लिए 57.69 प्रतिशत अंक वाले अभ्यर्थी भी शामिल हो सकेंगे। सभी श्रेणियों में कट ऑफ का निर्धारण जन्मतिथि के आधार पर किया गया है।
अन्य किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय समय में स्वास्थ्य भवन में संपर्क कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को 10वीं और 12वीं कक्षा की अंक तालिकाएं, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र, तथा आशा/आंगनबाड़ी का अनुभव एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्र आदि की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी।
