
संगरिया थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान तीन लोगों को 49.10 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा नंबर की एक लग्जरी गाड़ी में हेरोइन की तस्करी कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रीगंगानगर निवासी लवदीप सिंह (25), हनुमानगढ़ के मसरूवाला निवासी रवदीप सिंह (28) और ढाणी चक 2 पीटीपी, रोही नुकेरा निवासी मोबित कुमार (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने उन्हें एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है।
पुलिस को क्षेत्र में हेरोइन तस्करी की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके में गश्त बढ़ाई गई। संगरिया तिराहे पर नाकाबंदी के दौरान हरियाणा नंबर की लग्जरी गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें हेरोइन बरामद हुई।
मामले की जांच ढाबां चौकी प्रभारी एसआई राजेंद्र प्रसाद कर रहे हैं। इस कार्रवाई में डीएसटी टीम का भी सहयोग रहा। पुलिस फिलहाल आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और उनके अन्य नशा तस्करों से संबंधों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है
