
टाउन में एक युवती के कथित अपहरण एवं धर्मांतरण की धमकी के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर विहिप कार्यकर्ताओं ने बुधवार को टाउन थाना पर प्रदर्शन कर धरना दिया। वार्ता में पुलिस को अल्टीमेटम दिया कि गुरुवार दोपहर 12 बजे तक युवती को दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन उग्र किया जाएगा।
इससे पहले पीड़िता के पिता ने पुलिस को परिवाद में बताया कि उसकी पुत्री बीती रात रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों के अनुसार घर से तीन तोला सोने के आभूषण, 95 हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज भी गायब हैं। परिवाद में बताया कि 7 दिसंबर की रात परिवार सोने के बाद सुबह उठने पर पुत्री कमरे में नहीं मिली। इसके बाद उसके पुत्र के स्नैपचैट आईडी पर आए कॉल में एक युवक ने स्वयं को साहिल खान बताते हुए धमकी दी कि पीड़िता उसके कब्जे में है और वह उसका धर्म परिवर्तन कराकर विदेश में बेच देगा।
कॉल करने वाले ने यह भी चुनौती दी कि दम है तो अपनी बहन को बचा लो, कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। परिजन साहिल के घर गए तो उसकी पत्नी ने बताया कि साहिल बाहर गया हुआ है। साहिल का फोन भी स्विच ऑफ मिला। वहीं तमन्ना खान नाम की युवती पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिसके बारे में कहा गया कि उसने पीड़िता को साहिल से दोस्ती करवाकर पूरे घटनाक्रम में सहयोग किया। तमन्ना ने भी कॉल कर परिवार को धमकाया कि वे पीड़िता की कभी तलाश नहीं कर पाएंगे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से तुरंत एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर युवती को सुरक्षित दस्तयाब करने की मांग की।
चेतावनी दी कि यदि पुलिस द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। थानाप्रभारी ने मामले की जांच कर जल्द तथ्य सामने लाने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर आशीष पारीक, कुलदीप नरूका, पवन मोर्या महादेव भार्गव, नितिन बंसल, हरी खदरिया, पृथ्वी गोदारा, आकाश गर्ग, अशोक खिच्ची, चिंरजी, सचिन, बंजरंग, लालचंद, आत्माराम, गोविन्द रैगर, हैप्पी, अजय, धनश्याम, पवन कुमार, मनीष, राहुल, हंसराज, मदनराम, कुलदीप सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
