
जयश्री श्याम परिवार कला मंडल प्रबंध समिति हनुमानगढ़ की ओर से आयोजित 20वें श्याम महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को हुआ। महोत्सव 11 से 14 दिसंबर तक आयोजित होगा। पहले दिन टाउन स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर से बाबा खाटू श्याम की विशाल शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगरपरिषद की पूर्व सभापति संतोष बंसल, पूर्व पार्षद मंजू रणवा, भूपेंद्र नेहरा, मुस्ताक मोहम्मद टाक, राकेश इंदलिया, सत्यवीर कटारिया ने पूजा अर्चना व आरती से किया। शोभायात्रा में रथ पर विराजमान श्रीश्याम प्रभु की भव्य झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा का शहर में कई जगह श्रद्धालुओं और सामाजिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। रथ के आगे निशान लिए श्रद्धालुओं की टोली और उनके पीछे सिर पर कलश धारण किए सैकड़ों महिलाएं व पुरूष आकर्षक छटा बिखेर रहे थे।
वहीं डीजे और बैंड-बाजों की धुन पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नाचते नजर आए। शोभायात्रा की खास बात फूलों की होली रही। बाबा का श्रृंगार दिनेश शर्मा एंड ग्रुप ने मनोहारी रूप में सजाया। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुरानी नगरपालिका चौतीना कुआं हनुमान मंदिर में संपन्न हुई। श्याम भगत दिनेश शर्मा ने बताया कि 11 से 14 दिसंबर तक आयोजित चार दिवसीय महोत्सव भक्तिभाव, सांस्कृतिक वैभव और आध्यात्मिक उत्साह का संगम बनेगा। महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को रात्रि सवा 9 बजे से रॉयल पैराडाइज टाउन में श्याम बाबा का जागरण होगा। जागरण में खाटू श्याम का अलौकिक दरबार, आकर्षक श्रृंगार और छप्पन भोग लगाया जाएगा। शनिवार को शाम सवा 5 बजे से नानी बाई का मायरा विशेष आकर्षण रहेगा। रविवार को सुबह सवा 10 बजे से अखंड ज्योति पाठ का शुभारंभ होगा। जिसका पाठ-वाचन कोलकाता के संदीप सुलतानिया करेंगे।
अखंड पाठ के दौरान कोलकाता से पधारे कलाकार नृत्य-नाटिका के माध्यम से नानी बाई का मायरा, श्याम बाबा के जन्मोत्सव से लेकर शीश दान तक की झांकियां दिखाएंगे। महोत्सव की व्यवस्था संरक्षक राजेश सेतिया, पवन बंसल, अध्यक्ष विनोद तलवाड़िया, उपाध्यक्ष सुभाष स्वामी, सचिव तरुण सारण, सह-सचिव गौरव बजाज, कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा, प्रचार मंत्री सुभाष स्वामी, रविंद्र गुप्ता, संजय मित्तल, रविशंकर मूंदडा, मनोज गड़िवाल, विकास मोदी, संदीप बवेजा, शंकर गुप्ता, पीयूष, जतिन, अंशुल नागपाल आदि संभाल रहे है।
