
हनुमानगढ़ जिले के भादरा तहसील के निनाण गांव में निनाण गौ दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति में एक नया बल्क मिल्क कूलर (बीएमसी) केंद्र शुरू किया गया है। इसका उद्घाटन श्रीगंगानगर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह मोर, प्रबंध संचालक उग्रसेन सहारण और संचालक मंडल के सदस्यों ने किया। इस बीएमसी केंद्र से दूध की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी और किसानों को बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है।
भादरा की सभी दुग्ध समितियां ‘केन लेस’ संघ अध्यक्ष राजेंद्र सिंह मोर ने बताया कि भादरा क्षेत्र की सभी दुग्ध समितियों को अब ‘केन-लेस’ कर बीएमसी से जोड़ा जा चुका है। इस पहल से दूध की गुणवत्ता और खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता दोनों में सुधार हुआ है। प्रबंध संचालक उग्रसेन सहारण ने जानकारी दी कि पहले क्षेत्र में केवल एक अवशीतन केंद्र था। अब हर समिति पर बीएमसी लगने से परिवहन खर्च में कमी आई है और दूध की खरीद सीधे गांव में होने से किसानों को स्थिर आय प्राप्त हो रही है।
मेधावी स्टूडेंट्स को सम्मानित करती है डेयरी उन्होंने यह भी बताया कि गंगमूल (सरस) डेयरी लंबे समय से उचित दरों पर दूध खरीदकर किसानों को स्थायी लाभ प्रदान कर रही है। निजी डेयरियों के विपरीत, संघ बोनस और पुरस्कार के रूप में लाभ किसानों को वापस लौटाता है। सरस मेधावी छात्रा योजना के तहत 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को 21 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसके अतिरिक्त, चारा बीज, पशु आहार और परीक्षण उपकरणों पर भी अनुदान दिया जाता है, जबकि आरोग्य बीमा योजना का पूरा प्रीमियम संघ द्वारा वहन किया जाता है।
उद्घाटन समारोह के दौरान, 7 बारानी दुग्ध उत्पादक समिति के उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित किया गया। विजेंद्र बुड़ानिया, नंदलाल स्वामी, भूपसिंह गोदारा, पूजा और पूनम को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में संतोष बैनीवाल, जान मोहम्मद, मदनलाल यादव और वेदप्रकाश पूनिया सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
