
हनुमानगढ़ में राज्य सरकार के दो साल पूरे होने पर जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा ने ‘बढ़ता राजस्थान- हमारा राजस्थान’ थीम पर आधारित रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक पर लगी रोक को सरकार की ‘यूएसपी’ (यूनिक सेलिंग प्रपोजिशन) बताया।
कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री गोदारा ने कहा कि इन रथों के माध्यम से राज्य सरकार की उपलब्धियों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
प्रेस वार्ता में मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि मौजूदा सरकार अपने संकल्प पत्र की 70 प्रतिशत घोषणाओं को पूरा कर चुकी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि शेष 30 प्रतिशत संकल्प भी जल्द पूरे किए जाएंगे और भजनलाल शर्मा सरकार अपनी सभी घोषणाओं को साकार करेगी।
उन्होंने हनुमानगढ़ जिले में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। इनमें खाळा निर्माण, घग्घर बहाव क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण के लिए 325 करोड़ रुपए का बजट, खेल क्षेत्र में सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण और ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत हुए एमओयू में हनुमानगढ़ में 849 करोड़ रुपए के निवेश से स्थापित उद्योगों में उत्पादन शुरू होना शामिल है।
मंत्री गोदारा ने विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक पर लगी रोक को सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को सबसे बड़ी राहत मिली है।
इस कार्यक्रम में भादरा विधायक संजीव बेनीवाल, जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, एसपी हरीशंकर, पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची, गुरदीप शाहपीनी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
