
गांव श्रीनगर में रविवार को गुरुद्वारा सिंह सभा श्रीनगर के तत्वावधान में नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रीगुरु तेग बहादुर साहिब, भाई मतीदास, भाई सतीदास एवं भाई दियाला की 350वीं शहीदी शताब्दी तथा श्री गुरु गोविंद सिंह साहिब के 350वें सालाना गुरुता गद्दी दिवस को समर्पित रहा। गुरुद्वारा सिंह सभा श्रीनगर के मुख्य सेवादार बाबा मंगलसिंह ने बताया कि प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब में सहज पाठ रखे गए हैं। जिनका भोग सोमवार 15 को डाला जाएगा। इससे पूर्व रविवार को गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज के समक्ष अरदास की गई। अरदास के बाद नगर कीर्तन का शुभारंभ किया गया। जत्थेदार गुरमेल सिंह ने बताया कि नगरकीर्तन की अगुवाई पंज प्यारों की अगुवाई में निकाला गया।
गुरबाणी कीर्तन, शबद-कीर्तन और गतका प्रदर्शन के साथ नगर कीर्तन गुरुद्वारा सिंह सभा श्रीनगर से प्रारंभ होकर वजीदपुरियों की ढाणी, बावरियों वाली ढाणी, तीन एसएनएम, लाटा वाला भट्टा, थेहड़ी, जत्थेदार हरबंस सिंह की ढाणी, रामसरा, 20 एसएसडब्ल्यू, 22 एसएसडब्ल्यू, 24 एसएसडब्ल्यू, 30 एसएसडब्ल्यू, 32 एसएसडब्ल्यू, फतेहगढ़ श्यामसिंह वाला, गोदाराबास, पुरुषोत्तम बास, सरदार हजूर सिंह संधू की ढाणी और गंगागढ़ होते हुए पुनः श्रीनगर पहुंचा।
मार्ग में संगतों ने पुष्पवर्षा, जल-सेवा और लंगर सेवा के माध्यम से नगर कीर्तन का स्वागत किया। इस मौके पर विधायक गणेशराज बंसल, पूर्व सभापति सुमित रिणवां, बाबा जग्गा सिंह, बाबा महताब सिंह, कथा वाचक भाई हरजिंद्र सिंह, जगतार सिंह, ने भी शिरकत की।
