
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित धान मंडी में एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में आयोजित महापंचायत में किसानों ने भाजपा सरकार पर आम आदमी की जमीन, हवा और पानी छीनने का आरोप लगाया। उन्होंने फैक्ट्री हटने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।
वहीं, किसान नेता राकेश टिकैत ने आंदोलनकारियों से ट्रैक्टर के बंपर मजबूत रखने को कहा। बोले- समय आने पर यही काम आएंगे। महापंचायत में राजस्थान के साथ पंजाब और हरियाणा से भी बड़ी संख्या में किसान पहुंचे थे। हालांकि प्रशासन से 2 घंटे चली बातचीत के बाद आज की महापंचायत को संपन्न कर दिया गया है। अब 7 जनवरी को संगरिया में महापंचायत होगी।
14 फैक्ट्री के बराबर है ये एथेनॉल फैक्ट्री– टिकैत
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि टिब्बी में ड्यून एथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की फैक्ट्री के मामले में कहा जा रहा है कि इससे विकास होगा, नौकरी मिलेगी। कहते हैं कि आप विकास का विरोध कर रहे हैं। उन्हें यही कहना है कि जहां फैक्ट्री लगेगी वहां जमीन, हवा और पानी दूषित होगा। फैक्ट्री शुरू हो गई तो प्रशासन को दूषित पानी दिखाते रहना। ये 14 फैक्ट्री के बराबर है। इसलिए टिब्बी की संघर्ष कमेटी जो फैसला लेगी, संयुक्त किसान मोर्चा उनके साथ है।
उन्होंने कहा कि यूपी में ऐसा मामला हुआ। मुजफ्फरनगर में गुरुद्वारा की जमीन हाईवे के रास्ते में आ रही थी। वहां झंडा लगा दिया। सरकार को सड़क का रास्ता बदलना पड़ा। यहां भी झंडा गाड़ दो कि एक किलोमीटर के घेरे में जो ट्रक आएगा वो वापिस नहीं जाएगा। ट्रक नहीं आएगा तो फैक्ट्री का सामान कहां जाएगा।
ट्रैक्टर के बंपर मजबूत रखो, आंदोलन में यही काम आएगा
प्रशासन 144 लगाता है तो किसान भी उससे दोगुनी धारा लगाएगा। अब फैसला संघर्ष समिति को लेना है। संयुक्त किसान मोर्चा संघर्ष कमेटी के साथ है। अभी तो बीज कानून के खिलाफ भी लड़ाई लड़नी पड़ेगी। सरकार जमीन छीनना चाहती है। परिवारों को सरकार बांट रही है। इसके खिलाफ लड़ना है। यहां के कलेक्टर ने ट्रैक्टर को हथियार बताया, उनका धन्यवाद। मैं तो कहता हूं कि ट्रैक्टर के बंपर मजबूत रखो। आंदोलन में यही काम आएगा। प्रशासन भले ही रोके लेकिन जहां जाओ ट्रैक्टर लेकर जाओ। आंदोलन में तो ट्रैक्टर जरूर लेकर जाना।
किसान संघर्ष समिति और प्रशासन के बीच इन मुद्दों पर हुई चर्चा-
– किसानों ने एथेनॉल फैक्ट्री हटाने और 10 व 11 दिसंबर को दर्ज हुए मुकदमे रद्द करने की मांग की। – मांगों को लेकर जिला कलेक्टर खुशाल यादव ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए सावंत को लिखा पत्र। – मुकदमों की जांच सीआईडी सीबी को भेजी, केसों के संबंध उच्च स्तर से फैसला होने तक गिरफ्तारी नहीं होगी। – फैक्ट्री के संबंध में प्रदूषण निर्धारित करने वाली कमेटी 15 दिन रिपोर्ट देगी। – फैक्ट्री का सामान वापिस ले जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। -7 जनवरी को दोगुनी ताकत के साथ संगरिया में महापंचायत होगी।
प्रदूषण की जांच के लिए के समिति गठित
इसी बीच, बुधवार सुबह सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का एक आदेश सार्वजनिक किया गया। इस आदेश के अनुसार, टिब्बी की एथेनॉल फैक्ट्री से संभावित भूजल एवं प्रदूषण की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया है।
इस समिति में बीकानेर संभागीय आयुक्त अध्यक्ष होंगे। वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के विशिष्ट शासन सचिव को सदस्य सचिव बनाया गया है। हनुमानगढ़ जिला कलेक्टर, प्रदूषण नियंत्रण मंडल के वरिष्ठ पर्यावरण अभियंता और भूजल विभाग के मुख्य अभियंता इसके सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं। यह समिति अपनी जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी।

किसान महापंचायत पुलिस प्रशासन अलर्ट है, कलेक्ट्रेट से करीब आधा किलोमीटर पहले से रास्ता बंद।
प्रशासन सतर्क
किसान महापंचायत को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। धान मंडी के मुख्य गेट को छोड़कर अन्य सभी गेट बंद कर दिए गए हैं और उनके आगे ट्रॉलियां लगाई गई हैं। टिब्बी की घटना से सबक लेते हुए प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। कलेक्ट्रेट से करीब आधा किलोमीटर पहले ही रास्ता बंद कर दिया गया है।
कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस की गाड़ियां लगातार गश्त कर रही हैं, जिससे पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
क्या है पूरा मामला?
- एथेनॉल प्लांट का निर्माण: चंडीगढ़ में रजिस्टर्ड ड्यून इथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी राठीखेड़ा में 40 मेगावाट का अनाज आधारित एथेनॉल प्लांट लगा रही है। कंपनी का दावा है प्लांट केंद्र के एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल (EBP) प्रोग्राम को सपोर्ट करेगा।
- 10 महीने चला था शांतिपूर्ण विरोध: सितंबर 2024 से जून 2025 तक लगभग 10 माह शांतिपूर्ण विरोध चला। जुलाई 2025 में विरोध तेज हुआ। कंपनी ने चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) का निर्माण शुरू किया, जिससे किसानों का गुस्सा भड़का।
- फैक्ट्री निर्माण फिर शुरू होने से नाराजगी: 19 नवंबर 2025 पुलिस सुरक्षा में फैक्ट्री निर्माण फिर शुरू हुआ। किसान नेता महंगा सिंह समेत 12 से अधिक किसान नेता गिरफ्तार। 20-21 नवंबर 67 लोगों ने गिरफ्तारी दी।
- विरोध में फैक्ट्री की दीवार तोड़ी: बुधवार (10 दिसंबर) दोपहर किसानों ने टिब्बी एसडीएम ऑफिस के सामने बड़ी सभा की। शाम करीब 4 बजे सैकड़ों किसान ट्रैक्टर लेकर फैक्ट्री साइट पर पहुंच गए। दीवार तोड़ दी गई और पुलिस से झड़प शुरू हो गई। हनुमानगढ़ के टिब्बी में एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में 10 दिसंबर को किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों किसानों फैक्ट्री की दीवार को ट्रैक्टर से तोड़ दिया।
