
हनुमानगढ़ में राष्ट्रीय युवक परिषद ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेलवे में आरक्षण और किराए की रियायत दोबारा शुरू करने की मांग की है। परिषद के जिलाध्यक्ष एवं संभागीय प्रभारी प्रवीण जैन ने इस संबंध में रेल मंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा।
प्रवीण जैन ने बताया कि पूर्व में रेलवे द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को दी जाने वाली रियायत से आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिलती थी। यह सुविधा बंद होने के कारण बुजुर्ग यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को आरक्षण और किराए में रियायत मिलने से उन्हें सस्ती और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। इससे बुजुर्गों को राहत मिलेगी और सामाजिक न्याय की भावना भी सुदृढ़ होगी।
इस अवसर पर राकेश त्यागी, रामगोपाल सैन, कृष शेट्टी, ओम प्रकाश बाबल, महेंद्र स्वामी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
