
हनुमानगढ़ के पल्लू कस्बे में एक शराब ठेके पर कार्यरत सेल्समैन की शुक्रवार को गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है।
मृतक की पहचान राजगढ़ तहसील निवासी अनिल सिंह (35) पुत्र भागीरथ राठौड़ के रूप में हुई है। अनिल सिंह लंबे समय से पल्लू में रहकर शराब ठेके पर सेल्समैन का काम कर रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पल्लू थानाधिकारी सुरेश मील पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सील कर दिया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने आवश्यक नमूने एकत्रित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और मृतक के परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।
यह घटना शराब ठेके के ऊपर बने मकान के एक कमरे में हुई। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं, जबकि अन्य आशंकाएं भी व्यक्त की जा रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से जांच कर रही है।
घटना के बाद शराब ठेके के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत किया।
थाना प्रभारी सुरेश मील ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनके आने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। मील ने यह भी बताया कि ठेके के ऊपर दो कमरे और एक किचन बना हुआ है, और घटना इन्हीं में से एक कमरे में हुई है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। परिजनों के आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
