
हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने अंतरराज्यीय लुटेरे गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में चोरी व लूट के एक दर्जन से अधिक मामलों में वांछित थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुक्तसर साहिब निवासी सुखमन्द्र सिंह उर्फ मन्द्र और कैथल जिले के कलासर निवासी प्रीतम अहरावत के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह कारों की नंबर प्लेट बदलकर सूने मकानों की रेकी करता था। इसके बाद, खुले घरों में खुद को किरायेदार बताकर घुसते थे और फिर पिस्तौल दिखाकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे।
इनकी गिरफ्तारी पंजाबी मोहल्ला में हुई एक चोरी की घटना से जुड़ी है। 20 सितंबर 2025 को वार्ड 23 निवासी अमरजीत सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि जब वह निजी काम से बाहर गए थे, तब अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर 1 तोला सोना, करीब डेढ़ लाख रुपए नकद और मकान के कागजात चोरी कर लिए थे।
इस मामले में हनुमानगढ़ टाउन थाने में केस दर्ज कर जांच एएसआई दलीप सिंह को सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी, घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र की मदद से सुखमन्द्र सिंह उर्फ मन्द्र और प्रीतम अहरावत को पकड़ा। इस कार्रवाई में एएसआई दलीप सिंह, हैड कॉन्स्टेबल मनीष कुमार और कॉन्स्टेबल बलदेव सिंह की विशेष भूमिका रही।
एसपी हरीशंकर ने बताया कि दोनों आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं। इनकी गिरफ्तारी से सरदारशहर थाने में दर्ज एक अन्य प्रकरण का भी खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर चोरी की वारदातों में प्रयुक्त कार, हथियार और लूटे गए माल की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है।
