
हनुमानगढ़ टाउन स्थित जिला अस्पताल में मोबाइल कैंसर निदान वैन ने अपनी सेवाएं दीं। सोमवार 5 जनवरी को पहले दिन 17 मरीजों ने मोबाइल कैंसर निदान वैन से अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई। इसके अलावा आमजन को कैंसर के बारे में भी जानकारी भी दी गई। यह वैन 5 से 9 जनवरी तक जिले में रहेगी। मंगलवार को मोाबइल वैनल सीएचसी गोलूवाला जाएंगी, जहां आमजन की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। शिविर में पहले दिन सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, पीएमओ डॉ. शंकरलाल सोनी, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अखिलेश शर्मा, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मुकेश शेखावत, डीईआईसी सुनील शर्मा सहित ने व्यवस्थाओं की जांच की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि मोबाइल कैंसर निदान वैन ने सोमवार 5 जनवरी को हनुमानगढ़ टाउन स्थित एमजीएम अस्पताल आमजन की स्वास्थ्य जांच की। कैम्प में जिला अस्पताल के डॉ. प्रेम कुमार, शिविर प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर निहारिका, नर्सिंग ऑफिसर लोचन स्वामी, रेडियोग्राफर हिमानी कटारिया, वैन आपरेटर राजेन्द्र बिश्नोई, एनसीडी ऑपरेटर संदीप, डाटा हैल्पर सुनील उपस्थित रहे। डॉ. शर्मा ने बताया कि आज शिविर में 17 रोगियों की 46 प्रकार की जांच की गई, जिसमें ईएनटी के 6, एक्स-रे के 8, मैमोग्राफी के 2, जनरल जांच के 17, सीबीई के 7, पीएस-पीवी के 3, वीआईए की 3 जांच की गई। शिविर में 10 पुरुषों एवं 17 महिलाओं ने जांच करवाई। एक मरीज को इलाज के लिए उच्च संस्थान पर रैफर किया गया।
6 से 7 हजार की जांचें नि:शुल्क होगी
डॉ. नवनीत शर्मा ने आमजन से अपील की कि 35 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं, जिन्हें कैंसर की स्क्रीनिंग करवानी है, वे कैंसर वैन में जांच करवा सकती हैं। उन्होंने कहा कि यह सब जांचें यदि वे निजी अस्पताल या जांच लैब से करवाती हैं, तो इसका खर्च 6 से 7 हजार रुपए आएगा। उन्होंने बताया कि मैमोग्राफी (ब्रेस्ट की जांच), लैरिंगोस्कोपी (गले की गांठ), कोल्पोस्कोपी (बच्चेदानी की जांच), पोर्टेबल एक्स-रे (छाती व गले की जांच) के अलावा सीबीई, ओरल विजुअल एग्जामिनेशन, डिजिटल एक्स-रे, वीआईए, बीपी, आरबीएस आदि जांच की निशुल्क व्यवस्था रहेगी। इस प्रकार मोबाइल वैन पर गले, बच्चेदानी के मुंह, ब्रेस्ट और फेफड़ों के कैंसर की जांच के सभी उपकरण मौजूद हैं। डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि मोाबइल वैन पर ऑकोलॉजिस्ट, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ सहित रेडियोग्राफर तथा नर्सिंग अधिकारियों की सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान होने पर 90 प्रतिशत से अधिक कैंसर रोगियों का पूरा उपचार संभव है।
गोलूवाला जाएगी मोबाइल कैंसर निदान वैन
डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि 6 जनवरी को सीएचसी गोलूवाला में कैंसर निदान कैम्प आयोजित किया जाएगा। इसी तरह 7 जनवरी को सीएचसी संगरिया, 8 जनवरी उपजिला अस्पताल नोहर एवं एवं 9 जनवरी को उपजिला अस्पताल भादरा में मोबाइल कैंसर निदान वैन द्वारा जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।
