
हनुमानगढ़ टाउन के व्यापार मंडल कन्या महाविद्यालय में आज चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस परीक्षा में हनुमानगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों से लगभग 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया। लंबे समय से सीए के स्थानीय परीक्षा केंद्र की मांग कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह केंद्र खुलना किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा देने पहुंची हनुमानगढ़ टाउन की छात्रा शीया गोयल ने बताया कि अब हनुमानगढ़ में सीए परीक्षा केंद्र खुल जाने से उन्हें काफी सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि पहले परीक्षा देने के लिए श्रीगंगानगर जाना पड़ता था, जो हनुमानगढ़ से लगभग 65 किलोमीटर दूर है। इस कारण आने-जाने में 2 से 3 घंटे का अतिरिक्त समय खर्च हो जाता था, जिससे परीक्षा की तैयारी पर नकारात्मक असर पड़ता था। अब स्थानीय स्तर पर केंद्र खुलने से समय की बचत हो रही है और विद्यार्थी मानसिक रूप से भी अधिक सहज महसूस कर रहे हैं। वहीं रावतसर की छात्रा स्नेह सिंगला ने भी खुशी जताते हुए कहा कि पहले उन्हें सीए की परीक्षा देने के लिए गंगानगर जाना पड़ता था, जिसमें 3 से 4 घंटे का समय केवल यात्रा में ही चला जाता था। इससे न सिर्फ थकान होती थी बल्कि परीक्षा से पहले तनाव भी बढ़ जाता था। अब हनुमानगढ़ टाउन में केंद्र खुलने से रावतसर, पीलीबंगा, संगरिया,टिब्बी, नोहर, भादरा और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। छात्रों का कहना है कि हनुमानगढ़ जैसे जिले में सीए परीक्षा केंद्र खुलने से शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम उठाया गया है। इससे भविष्य में और अधिक विद्यार्थियों को प्रोफेशनल कोर्स करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और उन्हें यात्रा की परेशानी से भी राहत मिलेगी।
