
राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक, शाखा हनुमानगढ़ टाउन में एक भव्य ग्राहक मीट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राहकों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना तथा बैंक और ग्राहकों के बीच आपसी संवाद को और मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। ग्राहक मीट के दौरान बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक (आर.एम.) मनोज शर्मा, मुख्य विपणन अधिकारी (सीएमओ) चरणजीत सिंह तथा अरुण पारीक ने बैंक द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आमजन को सुलभ, सुरक्षित और पारदर्शी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों ने कृषि ऋण, स्वरोजगार ऋण, महिला सशक्तिकरण योजनाएं, बचत खाते, बीमा एवं डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। इस अवसर पर राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक, हनुमानगढ़ टाउन शाखा में नव पदस्थापित शाखा प्रबंधक सुश्री अंशु जोरा (सुपुत्री सत्यदीप जोरा) के कार्यभार ग्रहण करने पर उनका सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। शहर के गणमान्य नागरिकों में सुरेश शर्मा (जिला अध्यक्ष, प्राइवेट स्कूल यूनियन), महावीर प्रसाद शर्मा, चानन राम चौधरी, ओम साई, राम कुमार रोकना, राजेश दादरी, विवेक भार्गव, गुरप्रीत सिंह, संजय सेन, अशोक सुथार, योगेश शर्मा, रामबाबू, विनोद सोनी, रंजीत ढिल्लों,पवनदीप,सुमन,सुमित्रा जोरा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। शाखा प्रबंधक अंशु जोरा ने अपने संबोधन में बैंक की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि ग्राहक बैंक की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा, “मैं आपकी बेटी के रूप में आपकी सेवा में हर समय उपस्थित रहूंगी। किसी भी प्रकार के लोन जैसे होम लोन, कार लोन, एजुकेशन लोन, बीमा अथवा अन्य बैंकिंग योजनाओं के लिए आप सभी सादर बैंक में पधारें।” गौरतलब है कि सुश्री अंशु जोरा हनुमानगढ़ की ही बेटी हैं और लगभग 9 वर्षों की सेवा के बाद उनकी गृह नगर हनुमानगढ़ में वापसी हुई है। उनकी इस घर वापसी से क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह और गर्व का वातावरण देखने को मिला।
