
जिले भर के समस्त बार संघों के अध्यक्ष एवं सचिवों की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित बार रूम पुस्तकालय में आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न तहसीलों से आए बार संघ प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अधिवक्ताओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की शुरुआत में बार संघों की वर्तमान स्थिति, अधिवक्ताओं की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर चर्चा की गई। इसके पश्चात सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से बार संघ हनुमानगढ़ के वर्तमान अध्यक्ष रोहित सिंह खींची को जिला बार एसोसिएशन हनुमानगढ़ का अध्यक्ष चुना। वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता नवीन सेठी को जिला बार एसोसिएशन का कनविनर नियुक्त किया गया। इस निर्णय पर उपस्थित सभी सदस्यों ने तालियों के साथ समर्थन जताया।
जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष बनाए जाने पर रोहित सिंह खींची ने सभी बार संघ अध्यक्षों, सचिवों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पद केवल सम्मान नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और उनके कल्याण की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे सभी को साथ लेकर काम करेंगे और जिले के हर अधिवक्ता की आवाज को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
रोहित सिंह खींची ने अपने प्राथमिक कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य अधिवक्ताओं को व्यावहारिक राहत दिलाना है। उन्होंने कहा कि सभी अधिवक्ताओं के लिए टोल फ्री सुविधा लागू करवाने के लिए संबंधित विभागों से संवाद किया जाएगा, ताकि न्यायालयों में आवागमन करने वाले अधिवक्ताओं को आर्थिक राहत मिल सके। इसके साथ ही सभी अधिवक्ताओं का सामूहिक बीमा करवाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे, जिससे किसी भी आपात स्थिति में उनके परिवारों को सुरक्षा मिल सके।
उन्होंने आगे बताया कि जिले की प्रत्येक बार में एडवोकेट वेलफेयर फंड की स्थापना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे जरूरतमंद अधिवक्ताओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने इन प्रस्तावों का समर्थन करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष एवं कनविनर को बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिला बार एसोसिएशन अधिवक्ताओं के हित में नए आयाम स्थापित करेगा।
