
कड़ाके की ठंड को देखते हुए आमजन व समाजसेवी लगातार जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। इसी कड़ी में टाउन क्षेत्र की आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 33 सी एवं 33 डी में समाजसेवी एवं पूर्व पीएमओ डॉ. एमपी शर्मा द्वारा नन्हे बच्चों को गर्म वस्त्र एवं जुराबों का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य से बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. एमपी शर्मा ने कहा कि बढ़ती ठंड में छोटे बच्चों को विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इस मौसम में बच्चों को गर्म कपड़े उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों का दायित्व है कि वे आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करें, ताकि कोई भी बच्चा ठंड से प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर सुनीता शर्मा ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के साथ-साथ उनकी बुनियादी जरूरतों का भी ध्यान रखा जाता है। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में बच्चों को गर्म वस्त्र उपलब्ध कराना उनके स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। डॉ. एमपी शर्मा द्वारा किया गया यह सहयोग सराहनीय है और इससे अन्य समाजसेवियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
सुनीता शर्मा ने यह भी कहा कि विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें, लेकिन समाज के सहयोग से यह कार्य और अधिक प्रभावी हो जाता है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र पर भेजें और उनके स्वास्थ्य व पोषण का विशेष ध्यान रखें। इस मौके पर कार्यकर्ता करूण सैनी व तेज कौर ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
