
लोहड़ी एवं मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जय श्री राम सेवा संस्था की ओर से रात्रि के समय जरूरतमंदों को कंबल वितरण का सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कड़ाके की ठंड में आयोजित इस सेवा कार्य के माध्यम से संस्था ने बेसहारा, असहाय एवं गरीब लोगों को ठंड से राहत पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया। संस्था द्वारा यह सेवा कार्य पिछले लगातार पांच वर्षों से इसी तरह नियमित रूप से किया जा रहा है, जो क्षेत्र में सामाजिक सरोकार का सशक्त उदाहरण बन चुका है।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर जाकर खुले आसमान के नीचे जीवन यापन कर रहे जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष श्री विजय खत्री ने कहा कि ठंड के मौसम में सड़क किनारे, फुटपाथों और झुग्गियों में रहने वाले लोगों के लिए रातें बेहद कठिन होती हैं। ऐसे में उन्हें थोड़ी सी गर्माहट देना भी मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने बताया कि जय श्री राम सेवा संस्था का उद्देश्य केवल त्योहार मनाना नहीं, बल्कि त्योहारों के माध्यम से जरूरतमंदों के जीवन में खुशहाली और राहत पहुंचाना है।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि लोहड़ी और मकर संक्रांति जैसे पर्व दान, सेवा और परोपकार का संदेश देते हैं। इसी भावना के साथ हर वर्ष इन पर्वों पर कंबल वितरण का आयोजन किया जाता है, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड में असहाय न रहे। इस अवसर पर राजीव मिश्रा, राजकुमार, अमित सक्सेना, शशिकांत शर्मा, प्रदीप शर्मा, तरुण शर्मा सहित संस्था के अन्य सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में शामिल सदस्यों ने जरूरतमंदों से संवाद कर उनका हालचाल भी जाना और भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प लिया। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर संतोष और मुस्कान दिखाई दी, जिससे सेवा करने वालों को भी आत्मिक संतुष्टि मिली।
