
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) द्वारा आयोजित खेल महोत्सव का समापन समारोहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर खेल मैदान उत्साह, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना से सराबोर नजर आया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि मंडल प्रमुख श्री नीरज कुमार सिन्हा एवं उप मंडल प्रमुख श्री सुधीर कुमार साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।खेल प्रभारी श्री प्रवीण कुमार ने सभी खेलों का आयोजन बड़े ही शानदार तरीके से करवाया
, अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को टीम भावना और अनुशासन का उत्कृष्ट माध्यम बताया।
खेल महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें बैंक कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सिंगल बैडमिंटन पुरूष वर्ग में अश्वनी ने प्रथम, डबल बैडमिंटन प्रतियोगिता में मनिंदर सिंह एवं सुखवीर सिंह की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। महिला वर्ग में अनुसुईया ने बैडमिंटन, चेस एवं कैरम में प्रथम, रवनीत कौर ने 100 एवं 1500 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया । विजेता खिलाड़ियों की सटीक रणनीति और आपसी तालमेल ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया।
क्रिकेट प्रतियोगिता इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें कुल 7 टीमों ने हिस्सा लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान सभी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और खिलाड़ियों द्वारा अनुशासन, टीम भावना एवं खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया। क्रिकेट सेमीफाइनल मुकाबलों में झुंझुनूं स्टॉर्म राइडर्स ने टीम रॉयल्स को पराजित किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में धुरंधर ने चूरू वॉरियर्स को शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला झुंझुनूं स्टॉर्म राइडर्स एवं धुरंधर टीम के बीच हुआ, जो अंत तक दर्शकों की सांसें थामे रखने वाला रहा। फाइनल मैच बेहद रोमांचक रहा, जिसमें धुरंधर टीम ने आख़िरी गेंद पर शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। इस निर्णायक मुकाबले में धुरंधर टीम का नेतृत्व कैप्टन श्री सुनील पिलानिया ने किया। उनकी सूझबूझ भरी रणनीति, संयम और सशक्त नेतृत्व क्षमता ने टीम को विजय दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान किए। साथ ही सभी प्रतिभागियों की खेल भावना और अनुशासन की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि पीएनबी उत्सव केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं रहा, बल्कि यह बैंक कर्मियों के बीच एकता, ऊर्जा और सकारात्मक सोच को सुदृढ़ करने वाला एक सफल एवं प्रेरणादायक आयोजन सिद्ध हुआ।
