
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित गांधीनगर क्षेत्र में रेलवे द्वारा निर्माणाधीन फुटओवर ब्रिज का कार्य पिछले चार वर्षों से अधर में लटका हुआ है, जिससे क्षेत्रवासियों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व पार्षद गौरव जैन ने प्रभारी मंत्री श्री सुमित गोदारा को पत्र लिखकर शीघ्र हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य पूर्ण कराने की मांग की है।
पत्र में बताया गया कि गांधीनगर क्षेत्र में लंबे समय से फुटओवर ब्रिज की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसे ध्यान में रखते हुए नगरपरिषद हनुमानगढ़ ने अपने मद से लगभग 4 करोड़ रुपये वर्ष 2021 में उत्तर-पश्चिमी रेलवे, बीकानेर को जमा करवाए थे। नगरपरिषद और रेलवे अधिकारियों द्वारा नक्शा एवं तकमीना स्वीकृत होने के बाद रेलवे ने निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया था। प्रारंभिक चरण में कार्य तेजी से चल रहा था, जिससे आमजन को शीघ्र राहत की उम्मीद बंधी थी।
हालांकि, निर्माण के दौरान कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा अपने निजी स्वार्थ के चलते फुटओवर ब्रिज के कार्य को रुकवा दिया गया। आरोप है कि एक पूर्व पार्षद द्वारा यह कहकर निर्माण रुकवाया गया कि ब्रिज की ड्राइंग में बदलाव किया जाना चाहिए। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्ति वार्ड संख्या 49 में अवैध रूप से शराब की ब्रांच संचालित कर रहा है, जबकि आबकारी विभाग द्वारा इस वार्ड में किसी भी प्रकार की अधिकृत शराब दुकान या ब्रांच स्वीकृत नहीं है।
आरोपों के अनुसार उक्त व्यक्ति चाहता है कि फुटओवर ब्रिज की दिशा उसकी अवैध शराब दुकान की ओर की जाए, जो कि रेलवे भूमि पर स्थित है। यदि ऐसा होता है तो भविष्य में कानून-व्यवस्था और सामाजिक दृष्टि से गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसी प्रभाव के चलते नगरपरिषद और रेलवे विभाग पर दबाव बनाकर पिछले चार वर्षों से फुटओवर ब्रिज का निर्माण बाधित किया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फुटओवर ब्रिज का अधूरा रहना सीधे तौर पर आमजन की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। रेलवे लाइन पार करने के लिए लोगों को जान जोखिम में डालकर पटरियों से गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और यात्रियों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरव जैन ने अपने पत्र में प्रभारी मंत्री से आग्रह किया है कि वे इस मामले में व्यक्तिगत रुचि लेकर संबंधित विभागों को निर्देशित करें, ताकि बिना किसी दबाव या हस्तक्षेप के फुटओवर ब्रिज का निर्माण शीघ्र अति शीघ्र पूर्ण हो सके। उन्होंने कहा कि यह कार्य जनहित से जुड़ा हुआ है और इसके पूर्ण होने से हजारों लोगों को प्रतिदिन राहत मिलेगी।
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि प्रभारी मंत्री इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ठोस कदम उठाएंगे और वर्षों से लंबित फुटओवर ब्रिज का सपना जल्द साकार होगा।
