
गांधीनगर क्षेत्र में वर्षों से लंबित रेलवे फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण को शीघ्र प्रारंभ कर पूरा कराने की मांग को लेकर आज मोहल्लावासियों, हनुमानगढ़ विकास मंच, व्यापार मंडल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिला प्रभारी मंत्री माननीय श्री सुमित गोदारा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से एफओबी निर्माण कार्य को बिना किसी अनावश्यक बदलाव के पूर्व निर्धारित दिशा में ही पुनः शुरू कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि गांधीनगर से मेन बाजार की ओर जाने के लिए रेलवे लाइन पार करना लंबे समय से आमजन के लिए गंभीर समस्या बना हुआ है। इस समस्या को देखते हुए वर्ष 2018 में क्षेत्र की मांग पर डॉ. रामप्रताप द्वारा रेलवे फुट ओवर ब्रिज निर्माण के लिए 10 लाख रुपये रेलवे खाते में जमा करवा कर निविदा प्रक्रिया शुरू करवाई गई थी। इसके पश्चात वर्ष 2021-22 में तत्कालीन सभापति गणेशराज बंसल द्वारा नगर परिषद के खाते से 3 करोड़ 65 लाख रुपये रेलवे को हस्तांतरित किए गए।
मौजूदा विधायक गणेशराज बंसल, सभापति सुमित रिणवा एवं पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ के प्रयासों से एफओबी निर्माण को आगे बढ़ाया गया। करीब डेढ़ माह पूर्व रेलवे के एईएन सुरेश तोषावड़ा स्वयं मौके पर पहुंचे, जहां एफओबी निर्माण के लिए मार्किंग कर खड्डे खुदवाए गए, पीसीसी कार्य किया गया तथा सरियों का जाल भी डाला गया। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया।
मोहल्लावासियों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग एफओबी की सीढ़ियां संकरी गलियों में उतरवाना चाहते हैं, जिससे 8 से 10 घरों व दुकानों के प्रवेश द्वार बंद हो जाएंगे। इससे एम्बुलेंस, दमकल वाहन, कचरा वाहन, गैस सप्लाई सहित अन्य आवश्यक सेवाओं का आवागमन बाधित होगा और क्षेत्र में गंभीर समस्या उत्पन्न होगी।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि वर्तमान में गांधीनगर स्थित कन्या विद्यालय की छात्राएं जान जोखिम में डालकर अवैध रूप से रेलवे लाइन पार कर स्कूल जाने को मजबूर हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। एक माह पूर्व भी प्रशासन को इस संबंध में अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पुनः शुरू नहीं हो सका।
सभी संगठनों व मोहल्लावासियों ने प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा से मांग की कि रेलवे एईएन द्वारा पूर्व में चिन्हित स्थान पर ही एफओबी की सीढ़ियां उतरवाकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर प्यारेलाल बंसल, विजय कौशिक, पार्षद गुरदीप बब्बी बराड़, जगदीश अग्रवाल, देवेंद्र अरोड़ा, मिठालाल, राजकुमार छाबड़ा, गुरदास सरां, गर्वित, हरजिंदर सिंह लोटे सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
