
हनुमानगढ़। गौसेवा आश्रम, हनुमानगढ़ जंक्शन में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण सेवा कार्य का आयोजन हुआ। आश्रम परिसर में नवनिर्मित गौ सेवक निवास भवन का लोकार्पण विधायक गणेशराज बंसल द्वारा विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर निवर्तमान नगर परिषद सभापति सुमित रणवां, नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव, कृषि उपज मण्डी समिति के सचिव विष्णुदत्त शर्मा, एक्सईएन रामावतार मीणा, आश्रम प्रबंधक भीष्म कौशिक,अश्विनी नारंग, राजीव गर्ग, रविन्द्र अरोड़ा, रवि ओझा सहित बड़ी संख्या में गौसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
लोकार्पण कार्यक्रम से पूर्व क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं गौवंश की खुशहाली की कामना को लेकर हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सभी यजमानों ने आहुति अर्पित की और गौमाता के कल्याण एवं नगर की उन्नति की प्रार्थना की। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, आस्था एवं सेवा भाव से ओत-प्रोत रहा।
आश्रम प्रबंधक भीष्म कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि यह गौ सेवक निवास भवन नगर परिषद के सहयोग से निर्मित किया गया है, जिसकी आश्रम में लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने बताया कि आश्रम में दिन-रात सेवा करने वाले गौसेवकों के लिए यह भवन अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा, जिससे उन्हें विश्राम एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है। गौवंश की सेवा करना मानव सेवा के समान है। उन्होंने नगर परिषद एवं आश्रम प्रबंधन द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग का आश्वासन दिया।
निवर्तमान सभापति सुमित रणवां एवं आयुक्त सुरेन्द्र यादव ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि गौसेवा आश्रम द्वारा बीमार एवं निराश्रित गौवंश के उपचार, संरक्षण एवं देखभाल का कार्य सराहनीय है। इस प्रकार के भवनों के निर्माण से गौसेवकों को बेहतर सुविधा मिलेगी और सेवा कार्य और अधिक प्रभावी होगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं गौसेवकों ने गौमाता की सेवा कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
