
हनुमानगढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत पैरामेडिकल संवर्ग के कार्मिकों ने आगामी भर्ती प्रक्रिया में मेरिट बोनस अंक प्रणाली (10, 20, 30 अंक) लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिले भर से पैरामेडिकल समिति एवं नर्सिंग समिति के कार्यकर्ताओं ने सीएमएचओ कार्यालय से जिला कलेक्टर कार्यालय तक रोष मार्च निकालकर सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज करवाया।
इस रोष मार्च में बड़ी संख्या में लैब टेक्नीशियन, सहायक रेडियोग्राफर, ईसीजी टेक्नीशियन सहित अन्य पैरामेडिकल कार्मिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार से अपनी मांगों को शीघ्र स्वीकार करने की अपील की। रोष मार्च के उपरांत जिला कलेक्टर के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री एवं माननीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री, राजस्थान सरकार को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं को सफल बनाने में पैरामेडिकल कार्मिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान में हजारों कार्मिक निविदा, संविदा, प्लेसमेंट, एनएचएम एवं पीपीपी जैसे माध्यमों से अल्प मानदेय पर सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद इनके अनुभव और सेवाओं को भर्ती प्रक्रिया में उचित महत्व नहीं दिया जा रहा है।
पैरामेडिकल भर्ती संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष अंकित गोदारा ने बताया कि पिछले बजट में घोषित 1500 पैरामेडिकल पदों को बढ़ाकर 4000 पदों पर भर्ती की जाए और यह भर्ती मेरिट बोनस अंक (10, 20, 30) के आधार पर कराई जाए, ताकि वर्षों से कार्यरत अनुभवी कार्मिकों को न्याय मिल सके। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित पदों में लैब टेक्नीशियन के 2500, सहायक रेडियोग्राफर के 830, ईसीजी टेक्नीशियन के 250, एचएटीएस टेक्नीशियन के 180 एवं ऑप्थैल्मिक टेक्नीशियन के 240 पद शामिल हैं।
नर्सिग एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बंसीलाल वर्मा ने कहा कि इन मांगों को स्वीकार करने से न केवल कार्यरत अनुभवी कार्मिकों का सम्मान होगा, बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं भी और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनेंगी। समिति ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो पैरामेडिकल संवर्ग विवश होकर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक आंदोलन का रास्ता अपनाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस मौके पर यश चिलाना, अंकित गोदारा, बंसीलाल वर्मा, मोहन सोनी, विकास, प्रवीण भोभिया, राजेश शर्मा, विजय स्वामी, शिव यादव, अमित पूनिया, विकास स्वामी, मोहन सोनी, विजेश स्वामी, लालचंद, सतनाम सिंह मौजूद थे।
