
हनुमानगढ़ टाउन स्थित व्यापार मंडल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-एक के तत्वावधान में लोहड़ी एवं मकर संक्रांति का पर्व आज हर्षोल्लास और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के सभी स्टाफ सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीलम गौड़ द्वारा लोहड़ी की अग्नि में तिल और मूंगफली अर्पित कर किया गया। उन्होंने छात्राओं को लोकपर्वों के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि ऐसे पर्व हमें अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं और सामूहिकता की भावना को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर एनएसएस की स्वयं सेविकाओं ने पारंपरिक लोहड़ी गीत गाए, जिनसे पूरे परिसर में उत्साह और आनंद का वातावरण बन गया। छात्राओं द्वारा गिद्दा और भांगड़ा प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा। मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में पतंग उड़ाने का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्वयंसेविकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और उल्लास के साथ पर्व का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेविकाओं को मूंगफली, रेवड़ी और अन्य पारंपरिक प्रसाद का वितरण किया गया। एनएसएस प्रभारी अनु मुंजाल ने लोहड़ी पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पर्व नई फसल के स्वागत, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से छात्राओं में सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और सेवा भावना का विकास करना ही मुख्य उद्देश्य है।समापन पर सभी ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और इस सांस्कृतिक आयोजन को यादगार बनाया।
