
हनुमानगढ़ टाउन स्थित अपना घर, वृद्धाश्रम में राष्ट्रीय युवक परिषद द्वारा मकर संक्रांति का पर्व बड़े ही श्रद्धा, स्नेह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम का वातावरण उत्सवमय दिखाई दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार रणवीर जी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में गिरधारी लाल, श्रीमती माया देवी एवं वीरेंद्र जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने की। कार्यक्रम के दौरान नायब तहसीलदार रणवीर जी ने मकर संक्रांति के पावन अवसर पर वर्धजनों को रेवड़ी, मूंगफली, पापड़ी,बिस्कुट, मिठाई एवं फल अपनी ओर से भेंट किए तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित एवं बुजुर्ग वर्ग के साथ त्योहार मनाना सच्ची सामाजिक सेवा है और इससे आत्मिक संतोष प्राप्त होता है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि राष्ट्रीय युवक परिषद द्वारा प्रत्येक त्योहार, परिषद के सदस्यों के जन्मदिन, पुण्यतिथि एवं विवाह वर्षगांठ जैसे अवसरों को वृद्धाश्रम में वर्धजनों के साथ मनाया जाता है। परिषद का उद्देश्य बुजुर्गों को अकेलापन महसूस न होने देना और उन्हें परिवार जैसा स्नेह देना है। इसी क्रम में आज लोहड़ी एवं मकर संक्रांति का पर्व वर्धजनों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कुडाराम, सचिन त्यागी, सचिन वॉट्स, रामगोपाल सेन, दिनेश शर्मा, राकेश त्यागी, कीर्ति, किशोरी जी, नत्थू राम कालवा,बेबी हिमांशी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वर्धजनों ने परिषद के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन उन्हें नई ऊर्जा और खुशी प्रदान करते हैं। मकर संक्रांति का पर्व वर्धजनों के साथ मनाने से सभी के चेहरों पर प्रसन्नता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
