
हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत जण्डावाली में दिनांक 14 जनवरी 2026 को आयोजित किए गए निरीक्षण एवं रात्रि चौपाल कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम की ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक अवहेलना की गई, जिससे आमजन को राज्य सरकार की मंशा अनुसार लाभ नहीं मिल सका।
शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि कार्यालय उपखण्ड अधिकारी, हनुमानगढ़ द्वारा पत्र क्रमांक निरी/2025-26 दिनांक 09 जनवरी 2026 के माध्यम से ग्राम पंचायत जण्डावाली में निरीक्षण एवं रात्रि चौपाल कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया था। इस कार्यक्रम के तहत भू-अभिलेख निरीक्षक, पटवार मण्डल, विद्यालय, सीएससी, पीएचसी, ग्राम पंचायत कार्यालय, नरेगा कार्य व रिकॉर्ड, उचित मूल्य की दुकान, आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया जाना था। साथ ही मानस अभियान के अंतर्गत नशे के विरुद्ध जागरूकता, एआईआर से संबंधित जानकारी देने जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल थे।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उपखण्ड अधिकारी द्वारा जारी आदेश की प्रति ग्राम पंचायत के सरपंच एवं ग्राम विकास अधिकारी को भी भेजी गई थी, जिसमें पूरे कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद ग्राम पंचायत द्वारा किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार नहीं किया गया, जिससे ग्रामीणों को यह तक जानकारी नहीं मिल पाई कि रात्रि चौपाल कब और किस समय आयोजित की गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात्रि चौपाल के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई गई और फोटोग्राफी कर खानापूर्ति की गई, जो निंदनीय है। उनका कहना है कि इस प्रकार की लापरवाही से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य प्रभावित होता है।
ग्रामीणों की ओर से जिला कलेक्टर से मांग की गई है कि ग्राम पंचायत जण्डावाली में निरीक्षण एवं रात्रि चौपाल कार्यक्रम का पुनः आयोजन व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ किया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इसमें भाग ले सकें। साथ ही ग्राम पंचायत द्वारा अपनाए गए उदासीन रवैये के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। अध्यक्ष भूराराम चोहान आनन्द शिला विकास सतीश मेहरड़ा हरीश मो नावेद खान राहुल वेद मक्कासर वकील कुमार जगदीप रंगारा रघुवीर आदि मौजूद रहे
