
हनुमानगढ़| जिला प्रशासन एवं माय भारत केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय एनएमपीजी कॉलेज में शुक्रवार को स्वरोजगार जागरूकता कार्यशाला हुई। कार्यशाला में स्वरोजगार एवं उद्यमिता में रुचि रखने वाले लगभग 300 युवाओं ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि वर्तमान समय में स्वयं का रोजगार और उद्यम स्थापित करने के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी युवक व्यवसाय प्रारंभ करना चाहता है, तो राज्य एवं केंद्र सरकार की अनेक योजनाओं के माध्यम से ऋण, वित्तीय सहायता एवं सब्सिडी प्राप्त कर सकता है। कलेक्टर यादव ने प्रतिभागियों से स्वरोजगार एवं उद्यमिता के विषय में संवाद भी किया तथा उनके प्रश्नों के उत्तर दिए। जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया ने कहा कि वर्तमान समय में उद्यमिता एवं स्वरोजगार में अपार संभावनाएं हैं और सरकार द्वारा नए उद्यमों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस मौके पर प्राचार्य डॉ. रामपाल अहरोदिया, जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति सदस्य दलीप वर्मा, उद्योग अधिकारी दया बांगड़वा, भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक अभिषेक साह, एचडीएफसी बैंक के प्रबंधक गोपाल निमिवाल, साइक्लिंग संघ संयुक्त सचिव योगेंद्र सिंह, एनएसएस समन्वयक डॉ. विनोद खुड़ीवाल, सहायक आचार्य अनमोल शर्मा, एनएसएस प्रभारी किरण आदि मौजूद थे।
